लंबे रूटों के यात्रियों को होगी सुविधा : नव वर्ष पर रोहतक रोडवेज डिपो को मिलेंगी 8 नई बसें

लंबे रूटों के यात्रियों को होगी सुविधा : नव वर्ष पर  रोहतक रोडवेज डिपो को मिलेंगी 8 नई बसें
X
बसों की कमी के चलते उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पंजाब में कई इंटर स्टेट रूट की कुछ बसे बंद हैं तो वहीं ग्रामीण रूट भी बुरी तरह से प्रभावित हैं। यात्रियों को समय पर बसें नहीं मिल पाती। सबसे ज्यादा परेशानी से सोनीपत, दिल्ली, करनाल और हिसार रूट पर है। इन रूटों पर बसों की संख्या बहुत ही कम है।

रोहतक। नव वर्ष के पहले सप्ताह में रोडवेज डिपो को 8 नई बसें शीघ्र ही मिलने जा रही हैं। गुरुग्राम में यह बसें बनकर तैयार हो चुकी हैं और इन बसों पर पेंट किया जा रहा है। कार्य पूरा होते ही बसों को डिपो के चलाने के लिए तैयार कर दिया जाएगा। जैसे ही ये बसें डिपो को मिलेंगी तो लंबे रूटों पर इन बसों को चलााय जाएगा और लंबे रूटों पर चल रही बसों को लोकल रूटों के लिए उतारा जाएगा।

बसों की कमी के चलते उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पंजाब में कई इंटर स्टेट रूट की कुछ बसे बंद हैं तो वहीं ग्रामीण रूट भी बुरी तरह से प्रभावित हैं। यात्रियों को समय पर बसें नहीं मिल पाती। सबसे ज्यादा परेशानी से सोनीपत, दिल्ली, करनाल और हिसार रूट पर है। इन रूटों पर बसों की संख्या बहुत ही कम है। पिछले दो सालों में 35 से ज्यादा बसें कंडम हो चुकी हैं। सरकार ने पिछले साल घोषणा की थी कि बेड़े में 800 नई बसें शामिल की जाएंगी, उसके बाद इनकी खरीद प्रक्रिया भी चली लेकिन अभी तक डिपो में बसें शामिल नहीं हो पाई थी। अब अगले 10 दिनों में 8 नई बसें डिपो में आ जाएंगी। गौरतलब है कि डिपो में करीब 175 बसें ऑनरूट हैं। रोहतक की आबादी के हिसाब से बसें बहुत कम हैं और रोडवेज प्रबंधन द्वारा जैसे-तैसे काम चलाया जा रहा है। जिसके चलते ग्रामीण रूटों पर रोडवेज बस सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। वहीं बसों की कमी के चलते कई रूट भी बंद हैं। हालांकि डिपो को 40 बसें मिलनी हैं लेकिन अभी 8 नई बसें मिलेंगी। इसके बाद 32 बसों की खरीद भी साल 2023 में होगी। नई आने वाली बसों को लंबे रूटों पर चलाया जाएगा तो जो बसें इस समय लंबे रूटों पर चल रही हैं। उन्हें लोकल रूटों पर उतारा जाएगा। यात्रियों विशेषकर छात्र-छात्राओं को सुविधा होगी। बसों की संख्या बढ़ेगी तो छात्राओं के लिए स्पेशल बसें चलने की भी संभावना रहेगी। हालांकि छात्राओं की सुविधा के लिए 2020 में भी डिपो में पांच पिंक बस शामिल की गई थी। लेकिन यह छात्रा स्पेशल मिनी बसें थी। इसके बाद डिपो में कोई नई बस नहीं आई हैं जबकि दो साल में 35 से अधिक बस कंडम हो चुकी हैं।

जनवरी से पहले सप्ताह में बसें मिल जाएंगी : यात्रियों की सुविधाओं के लिए नव वर्ष पर डिपो में 10 जनवरी से पहले 8 नई बसें मिल जाएंगी। इन बसों को लंबे रूटों पर चलाया जाएगा। डिपो में 8 बसें शामिल होने से यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। - सरेंद्र सिवाच, वर्कशॉप मैनेजर, रोडवेज

सभी बसों को ऑनरूट कर दिया जाएगा : 175 बसे ऑनरूट है। फिलहाल लंबे रूटों के लिए नर्व वर्ष के पहले सप्ताह में 8 बसें आएंगी। सभी बसों के कागज तैयार हो चुके है। नव वर्ष के पहले सप्ताह में सभी बसों को ऑनरूट कर दिया जाएगा। - भारत भूषण गोगिया, जीएम रोडवेज रोहतक

Tags

Next Story