स्वच्छ हवा में सांस लेंगे रोहतकवासी, गोहाना अड्डा पर लगा 20 फीट ऊंचा स्मॉग टॉवर

स्वच्छ हवा में सांस लेंगे रोहतकवासी, गोहाना अड्डा पर लगा 20 फीट ऊंचा स्मॉग टॉवर
X
इस टॉवर की खास बात यह है कि यह 80 मीटर से ज्यादा दूर तक की हवा को खींचकर फिल्टर में गदंगी जमा करेगा। साथ ही टॉवर वाहनों व जनरेटरों से उत्पन्न धुएं को अपने अंदर खींच लेगा। इससे वायु प्रदूषण के स्तर में काफी हद तक कमी की जा सकेगी।

Rohtak News : रोहतक शहर को प्रदूषण मुक्त (Pollution Free) करने के लिए नगर निगम (Municipal Corporation) ने अभियान छेड़ दिया है। रोहतक के लोगों को स्वच्छ हवा देने के लिए गोेहाना अड्डा पर स्मॉग टॉवर (Smog Tower) लगाया गया है। इसकी खास बात यह है कि यह 80 मीटर से ज्यादा दूर तक की हवा को खींचकर फिल्टर में गदंगी जमा करेगा। साथ ही टॉवर वाहनों व जनरेटरों से उत्पन्न धुएं को अपने अंदर खींच लेगा। इससे वायु प्रदूषण के स्तर में काफी हद तक कमी की जा सकेगी। इसकी लम्बाई करीब 20 फीट है। चंडीगढ़ में भी ऐसा ही स्मॉग टाॅवर लगा हुआ है। जल्द ही रोहतक में दूसरा टॉवर देखने को मिल सकता है।

दरअसल, छह माह से निगम टॉवर लगवाने की तैयारी कर रहा था। इसके लिए सबसे ज्यादा प्रदूषण वाली जगहों का निरीक्षण किया गया। शुरूआत में भिवानी स्टैंड पर प्रदूषण ज्यादा होने की बात सामने आई। इसके बाद गोहाना अड्डा का नाम तय किया। निजी कंपनी क्लाउड टेक प्राइवेट लिमिटेड ने सीएसआर स्कीम के तहत टॉवर को यमुनानगर में तैयार करवाया है। इसकी लागत को लेकर अभी आंकलन नहीं हो पाया है। सारा खर्च कंपनी ने खुद उठाया है। कंपनी पर्यावरण के क्षेत्र में काम करती है।

कंपनी ने पहले दी थी एंटी स्मॉग गन

फसल कटाई के समय में सबसे ज्यादा फैलने वाले धूल कणों को रोकने के लिए दो एंटी स्मॉग गन भी दी गई थी। इन्हें वाहनों पर लगाकर तैयार किया गया है। ये प्रदूषण कम करने में सहायक सिद्ध हो रही हैं।

ऐसे काम करेगा स्मॉग टॉवर

टाॅवर दूषित हवा और धुएं को अपनी ओर खींच लेगा। गंदगी टॉवर में मौजूद फिल्टर में जमा हो जाएगी। इसके बाद साफ हवा ही टॉवर से बाहर जाएगी। ऐसा करने से कुछ ही दिनों में गोहाना अड्डा को प्रदूषण रहित बनाया जा सकेगा।यह टॉवर पहले भिवानी स्टैंड पर लगाया जाना था। अधिकारियों ने निरीक्षण कर जगह चिन्हित की थी। इसके बाद जगह बदल कर गोहाना अड्डा की गई। क्योंकि यहां सबसे ज्यादा प्रदूषण रहता है। शाम के समय बहुत ज्यादा वाहन यहां से गुजरते हैं। अक्सर यहां सुबह से लेकर रात तक जाम का माहौल रहता है।

बढ़ते प्रदूषण से निपटने के लिए अभियान शुरू

नगर निगम क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण से निपटने के लिए अभियान शुरू किया गया है। इसके लिए स्मॉग टॉवर गोहाना अड्डा पर लगाया गया है। सीएसआर स्कीम के तहत काम करवाया गया है। जल्द ही प्रदूषण कम करने के लिए और प्रयास किए जाएंगे। - मनमोहन गोयल, मेयर, नगर निगम।

ऐसा ही टॉवर चंडीगढ़ में लगा हुआ

सीएसआर स्कीम के तहत निजी कंपनी की तरफ से टॉवर लगवाया गया है। ऐसा ही टॉवर चंडीगढ़ में लगा हुआ है। रोहतक में यह पहला टॉवर लगाया गया है। यह आसपास की करीब 80 मीटर की हवा को प्रदूषण रहित कर सकेगा। इससे हजारों लोगों को फायदा पहुंचेगा। - संजीव कुमार, एक्सईएन, नगर निगम

Tags

Next Story