गिरोह का भंडाफोड़ : इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर लोगों को ठगते थे, पांच गिरफ्तार

फरीदाबाद। लैप्स हो चुकी पॉलिसी पर अच्छा मुनाफा दिलवाने का लालच देकर पॉलिसी धारकों के साथ धोखाधड़ी करने के पांच आरोपियों को साइबर क्राइम थाना की पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में शुभम, दीपक, राज प्रताप, संजीव और अनुराग शामिल है। आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया, जिसमें आरोपियों ने कई वारदातें कबूली। जिसमें उन्होंने लोगों के साथ करोड़ों रुपए की ठगी की है। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन व 9 लाख 60 हजार रुपए बरामद किए गए हैं और साथ ही आरोपियों के खाते के रखे 2 लाख 45 हजार रुपए फ्रीज कर दिए गए हैं।
डीसीपी डा. अर्पित जैन ने बताया कि आरोपियों ने साइबर तरीके से धोखाधड़ी करने के लिए एक पूरा गिरोह बनाया हुआ था और फर्जी सिम कार्ड के साथ-साथ फर्जी बैंक अकाउंट बनवा रखे थे। जिन पॉलिसी धारकों की इंश्योरेंस पॉलिसी पूरी हो जाती थी या पूरी होने के कगार पर होती थी उन्हें आरोपियों द्वारा फोन किया जाता था और उन्हें उनकी इंश्योरेंस पॉलिसी को सरेंडर करवाकर उनकी पॉलिसी के पैसों के साथ-साथ एक्स्ट्रा बेनिफिट दिलवाने का लालच दिया जाता था। एक्स्ट्रा फायदा दिलवाने के नाम पर आरोपी पॉलिसी धारकों से पैसे अपने द्वारा बनवाए गए फर्जी बैंक खाते में ट्रांसफर करवाने की बात कहते थे। पॉलिसी धारक आरोपियों द्वारा दिए गए लालच में आ जाते थे और अपने द्वारा कमाई गई धनराशि आरोपियों द्वारा बताए गए फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर कर देते थे। पैसा मिलते ही आरोपी अपना नंबर बंद करके सारी धनराशि हड़प लेते थे। इसी प्रकार फर्जी कॉल सेंटर चलाकर आरोपियों ने बहुत से लोगों के साथ धोखाधड़ी की।
आरोपियों को दिल्ली एनसीआर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। इन आरोपियों का एक अन्य साथी अभी फरार चल रहा है जिसकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है। आरोपी शुभम सिहं पुत्र अशोक व दीपक पुत्र शिव चरण दोनों गाजियाबाद के रहने वाले हैं। आरोपी राज प्रताप सिंह पुत्र राजेन्द्र व संजीव पुत्र ओमप्रकाश दोनों दिल्ली के रहने वाले हैं वहीं आरोपी अनुराग पुत्र मैथलीशरण नोएडा का रहने वाला है। सभी आरोपियों को अदालत में दोबारा पेश करके जेल भेज दिया गया है और इनके एक अन्य साथी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS