नशे व बाल शोषण के ख़िलाफ करनाल के इस शख्स ने बनाया सबसे लंबे वेबिनार का World Record

हरिभूमि न्यूज : करनाल
करनाल के 17 वर्षीय परमवीर सिंह ने आज देश भर के 247 बच्चों के साथ मिलकर नशाखोरी व बाल शोषण के विरुद्ध एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाकर करनाल का नाम रोशन कर दिया। समाज में औरतों व बच्चों को सबसे ज़्यादा प्रभावित कर रही इन सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध परमवीर सिंह की पहल पर बच्चों ने एक अनूठा अभियान शुरू किया हुआ है। स्पीक अप फ़्रेंड्ज़ अभियान के तहत आज देश के अलग अलग राज्यों के 12-18 वर्ष की आयु के इन सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बच्चों द्वारा नशे व बाल शोषण के ख़िलाफ़ सबसे लम्बे वेबिनार का रिकॉर्ड बनाया जिसे वर्ल्ड बुक आफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड लंदन में शामिल किया जाएगा।
वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्ड द्वारा इसे पहले ही आधिकारित विश्व रिकॉर्ड प्रयास के रूप में मान्यता दी जा चुकी है व अब इसके सबूत भेजने के बाद इसका प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। अंग्रेज़ों भारत छोड़ो, दूसरे विश्व युद्ध के दौरान 8 अगस्त 1942 को यह नारा महात्मा गांधी ने दिया जिसका उद्देश्य भारत से ब्रिटिश राज को समाप्त करना था। करनाल वासी सेंट थरेसा कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थी व निफ़ा अध्यक्ष प्रीतपाल सिंह पन्नु के पुत्र परमवीर सिंह की पहल पर बच्चों ने इस दिन को एक अनूठे ढंग से मनाने का निश्चय किया और नशाखोरी व बाल शोषण भारत छोड़ो के नारे के साथ बच्चों द्वारा विश्व के सबसे लम्बे ऑनलाइन वेबिनार की शुरुआत की।
परमवीर द्वारा शुरू किए गए अभियान स्पीक अप फ़्रेंड्ज़ के अंतर्गत 8 अगस्त को सुबह 6:00 बजे अंग्रेज़ो भारत छोड़ो दिवस की महत्ता पर चर्चा के साथ इस वेबिनार की शुरुआत की गई ज़ो निरंतर 9 अगस्त सुबह 4 बजे तक चला और कुल 22 घंटे के समय के साथ एक नया विश्व रिकॉर्ड बन गया। इस पूरे प्रयास में हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उड़ीसा, बिहार, दिल्ली, गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तेलेंगना, मिज़ोरम, नागालैंड, सिक्किम, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, पंजाब व पश्चिमी बंगाल के कुल 247 बच्चों ने भाग लिया और नशा खोरी व बाल शोषण के विरुद्ध खुलकर अपने विचार व्यक्त किए। 22 घंटे तक लगातार चले इस लाइव वेबिनार का परमवीर सिंह पन्नु ने संयोजन किया व पानीपत वासी वासु जैन व कोलकाता की प्रत्युषा दे ने संयोजन में सहयोग किया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS