Republic Day Parade : राजपथ पर हरियाणा की झांकी में दिखेगा खिलाड़ियों का दम, नीरज चोपड़ा की आदमकद प्रतिकृति होगी आकर्षण का केंद्र

गणतंत्र दिवस समारोह-2022 के दिन राजपथ पर चलने वाली झांकियाें में इस बार हरियाणा की झांकी भी दिखाई देगी। राज्य की झांकी खेल के क्षेत्र में भारत के गौरव का प्रदर्शन करती दिखाई देगी। हरियाणा खेलों में नंबर वन की थीम पर तैयार हरियाणा राज्य की झांकी पर सवार अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की मौजूदगी से दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनाएगी। इससे पूर्व वर्ष 2017 के गणतंत्र दिवस समारोह के लिए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ थीम पर हरियाणा की झांकी का चयन किया गया था।
क्या होगा हरियाणा की झांकी में
दो हिस्सों में बनी हरियाणा की झांकी के अगले हिस्से में घोड़े और शंख होंगे। घोड़ों से जुता रथ महाभारत युद्ध के विजय रथ का प्रतीक है। यहां रखा शंख भगवान श्रीकृष्ण के शंख का प्रतीक है। झांकी के दूसरे हिस्से को चार भागों में बांटा गया है। इसके पहले भाग में ओलंपिक की तर्ज पर बने अखाड़े में दो पहलवान खिलाड़ी कुश्ती का डेमो देंगे। इसके पीछे के दो हिस्सों में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हरियाणा के 10 ख्याति प्राप्त खिलाड़ी खड़े होंगे। झांकी के अंतिम हिस्से पर भाला फेंकने की मुद्रा में ओलंपियन खिलाड़ी नीरज चोपड़ा की आदमकद प्रतिकृति होगी। झांकी के दोनों ओर हाई रीलीफ में हरियाणा के चुनिंदा खेलों जैसे बॉक्सिंग, वेट लिफ्टिंग, शूटिंग, डिस्कस थ्रो और हॉकी के खिलाड़ियों की गतिविधियों को उकेरा गया है।
झांकी पर दिखेंगे यह खिलाड़ी
बजरंग पूनिया, हॉकी कप्तान रानी रामपाल, योगेश्वर दत्त, ममता खरब, सुमित अंतिल, दीपक पुनिया, हरविंदर, योगेश कथुरिया, रामपाल, रंजीत, आशु, अनिल और हरियाणा सरकार के प्रतिनिधि डॉक्टर कुलदीप सैनी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS