पॉकेट मार महिला गिरोह का भंडाफोड़, जानें किसको बनातीं थी अपना शिकार

पॉकेट मार महिला गिरोह का भंडाफोड़, जानें किसको बनातीं थी अपना शिकार
X
गिरोह जींद के अलावा रोहतक, सोनीपत, पानीपत समेत अन्य जिलों में सक्रिय था। तीनों आरोपित महिलाओं को पुलिस ने अदालत में पेश किया। जहां से अदालत ने तीनों महिलाओं को दो दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया।

हरिभूमि न्यूज : जींद

शहर थाना पुलिस ने चैन स्नैचिंग तथा जेब तराशने वाले अंतरजिला महिला गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरोह जींद के अलावा रोहतक, सोनीपत, पानीपत समेत अन्य जिलों में सक्रिय था। तीनों आरोपित महिलाओं को पुलिस ने अदालत में पेश किया। जहां से अदालत ने तीनों महिलाओं को दो दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया।

गांव रूपगढ़ निवासी मीरा ने गत सात दिसम्बर को पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह अपनी सहेली के साथ शहर में खरीददारी करने के लिए आई थी। दोनों बस अड्डा से बाजार के लिए थ्रीव्हीलर में सवार हुई। उनके साथ तीन अन्य महिलाएं भी सवार हो गई। जिन्होंने मौके का फायदा उठाकर मीरा के गले से सोने की चैन झपट ली। पुलिस ने मीरा की शिकायत पर अज्ञात तीन महिलाओं के खिलाफ छीना झपटी का मामला दर्ज किया था।

पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो तीनों महिलाएं सामने आ गई। जिनकी पहचान मीरा ने कर ली। पुलिस को सूचना मिली थी कि तीनों महिलाएं एसडी स्कूल पर वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। जिसके आधार पर पुलिस ने तीनों महिलाओं को काबू कर लिया। जिनकी पहचान गांधी कालोनी समालखा निवासी बबीता, मीना तथा नेहा के रूप में हुई।

पुलिस पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वे चैन छीनने, पर्स काटने, जेब तराशने का कार्य करती है। पिछले दो महीनों में उन्होंने जींद में तीन सोने की चैन छीना झपटी व जेब व पर्स तराशी की कई वारदातों को अंजाम दिया हुआ है। इसके अलावा उन्होंने रोहतक, खरखौदा, सोनीपत, भालगढ, मुरथल, गन्नौर, गोहाना, जुलाना, समालखा व अन्य भीडभाड वाले स्थानों पर कई वारदातों को अंजाम दिया हुआ है। पुलिस ने तीनों महिलाओं को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान महिलाओं से अन्य घटनाओं के बारे में पूछताछ की जाएगी।

शहर थाना प्रभारी डा. सुनील कुमार ने बताया कि डीआईजी कम एसपी ओमप्रकाश नरवाल के दिशा निर्देशों पर अंतर जिला छीना झपटी व जेब तराशने वाले महिला गिरोह के तीन सदस्यों को पकड़ा है। जिन्होंने कई वारदातों को स्वीकार किया है। पकड़ी गई तीनों महिलाओं को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।

Tags

Next Story