नवीन जयहिंद सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने छोड़ी पानी की बौछारें, गिरफ्तारी देने पहुंचे थे

कुरुक्षेत्र : गीता महोत्सव के दौरान ब्रह्मसरोवर स्थित पुरुषोत्तमपुरा बाग में प्रशासन की अनुमति के बगैर प्रेस वार्ता करने पर जिला पुलिस ने आप के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद सहित 30 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने पर नवीन जयहिंद शनिवार को कार्यकर्ताओं सहित केयूके थाना में गिरफ्तारी देने के लिए पहुंचे। इससे पहले नवीन जयहिंद ने ब्रह्मसरोवर के पुरुषोतमपुरा बाग में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा अर्चना की।
पूजा अर्चना के बाद दोपहर को सैंकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ नवीन जयहिंद थाना केयूके में गिरफ्तारी देने के लिए पैदल मार्च निकालते हुए गए लेकिन पुलिस ने थाना केयूके से कुछ ही दूरी पर मेडिटेशन हॉल के समीप नवीन जयहिंद सहित सभी कार्यकर्ताओं को बेरिगेट लगाकर रोक दिया। पुलिस ने नवीन जयहिंद से कहा कि अभी सिर्फ नवीन जयहिंद के खिलाफ नामजद पर्चा दर्ज है, अभी इस पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। मगर नवीन जयहिंद गिरफ्तारी देने पर अड़े रहे।
पुलिस ने नवीन जयहिंद को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने और उन्होंने बैरिकेड तोड़ने का प्रयास किया। इस पर पुलिस ने सभी कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछारें छोड़ दी। पानी की बौछारें पड़ते ही सभी कार्यकर्ता पीछे हट गए। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए नवीन जय हिंद ने कहा कि वे गिरफ्तारी देने के लिए थाने में पहुंचे थे लेकिन पुलिस वाले उनकी गिरफ्तारियां नहीं ले रहे हैं वे दोबारा फिर आएंगे।
नवीन जयहिंद का कहना है कि उन्होंने 30 लाख युवाओं की आवाज उठाने के लिए कुरुक्षेत्र के पुरुषोतपुरा बाग में प्रेस वार्ता की थी और उन सहित 30 कार्यकर्ताओं के खिलाफ भीड़ एकत्रित करने का मुकदमा दर्ज किया गया लेकिन हैरानी की बात यह है कि इसी जगह पर स्वामी ज्ञानानंद ने गीता महोत्सव के दौरान हजारों की भीड़ एकत्रित की लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नही की गई है। उन्होंने प्रशासन पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। मौके पर मौजूद डीएसपी सुभाष ने कहा कि कार्यकर्ताओं के ऊपर हल्का बल प्रयोग किया गया है और पुलिस गिरफ्तारी लेने के लिए तैयार है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS