निहंग छावनी गुरुद्वारा में पुलिस की छापेमारी, साढ़े 15 क्विंटल अफीम की फसल बरामद

निहंग छावनी गुरुद्वारा में पुलिस की छापेमारी, साढ़े 15 क्विंटल अफीम की फसल बरामद
X
शहर थाना सफीदों पुलिस ने डिटेक्टिव स्टाफ की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हरिभूमि न्यूज. जींद

हांसी ब्रांच नहर सफीदों के निकट गुरुद्वारा निहंगों की छावनी में डिटेक्टिव स्टाफ ने छापेमारी कर अफीम की खेती का भंडाफोड किया है। छापेमार टीम ने गुरुद्वारे से लगभग साढ़े 15 क्विंटल अफीम के पौधे बरामद किए है। निहंग छावनी के जत्थेदार की लगभग 20 दिन पहले मौत हो चुकी है। शहर थाना सफीदों पुलिस ने डिटेक्टिव स्टाफ की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डिटेक्टिव स्टाफ को सूचना मिली थी कि सफीदों हासीं ब्रांच नहर के निकट गुरूद्वारा निहंगों की छावनी में अफीम की खेती की जा रही है। जिसके आधार पर डिटेक्टिव स्टाफ ने निहंग छावनी में छापेमारी की तो बड़ी क्यारी बनाकर अफीम की फसल उगाई गई थी। अफीम के पौधों पर सफेद व गुलाबी रंग के फूल खिले होने के साथ डोडे भी लगे हुए थे। छापेमारी के दौरान गुरुद्वारा छावनी में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। डयूटी मजिस्ट्रेट विकास गुप्ता की मौजूदगी में कुछ लोगों को वहां पर बुलाया गया। छानबीन में सामने आया कि गुरुद्वारा निहंग छावनी आबादी से हटकर एकांत में है। कम लोग यहां पर आते है। पिछले लगभग 50 वर्षों से जत्थेदार त्रिलोक सिंह गुरुद्वारा निहंग छावनी की देखरेख कर रहे थे। जिनकी गत 28 फरवरी को मौत हो गई। छापामार टीम ने अफीम के पौधों को उखाड़ कर उसका वजन किया तो वह 15 क्विंटल 40 किलो ग्राम पाया गया। जिसे छापामार टीम ने कट्टों में बंद कर उसे कब्जे में ले लिया। डिटेक्टिव स्टाफ कर्मी की शिकायत पर शहर थाना सफीदों पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डिटेक्टिव स्टाफ प्रभारी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि आईजी तथा एसपी के दिशा निर्देशों पर नशे को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया हुआ है। जिसके चलते सूचना के आधार पर गुरुद्वारा निहंग छावनी में छापेमारी कर वहां से 15 क्विंटल 40 किलो ग्राम अफीम के पौधों को बरामद किया है। छावनी के जत्थेदार की लगभग 20 दिन पहले मौत हो चुकी है। फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

Tags

Next Story