पहुंचने वाली थी बारात, पुलिस ने रूकवा दी लड़की की शादी, जानेंं पूरा मामला

पहुंचने वाली थी बारात, पुलिस ने रूकवा दी लड़की की शादी, जानेंं पूरा मामला
X
लड़की की मां ने बताया है कि लड़की के पिता का स्वर्गवास हो चुका है और गरीबी के चलते तथा अच्छा रिश्ता मिलने के कारण नाबालिग लड़की का विवाह करवाया जा रहा था।

हरिभूमि न्यूज : हांसी

जिस उम्र में बच्चे के हाथ में किताबें और भविष्य के सपने होने चाहिए, उसी उम्र में बोगाराम कॉलोनी में एक परिवार अपनी लाडली का रिश्ता तय कर रविवार को विवाह के बंधन में बांधने की तैयारी में था। सूचना मिलने पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने पुलिस बल के साथ विवाह समारोह रुकवा दिया और बारात को रास्ते से वापस भिजवाया। जिला संरक्षण अधिकारी द्वारा नाबालिक लड़की के दस्तावेज देखने पर लड़की की उम्र मात्र साढ़े 14 वर्ष मिली।

परिजनों ने बताया की उकलाना के एक गांव में लड़की का रिश्ता तय हुआ था। रविवार सुबह से परिवार शादी की तैयारियों में व्यस्त था कि इसी दौरान जिला संरक्षण अधिकारी मौके पर पहुंच गई और जांच करने पर लड़की की उम्र कम मिली। जिस लड़के से शादी तय हुई थी उसकी उम्र के बारे में जानकारी नहीं है और लड़के की उम्र की जानकारी के लिए उसके परिजनों को सोमवार को कार्यालय में तलब किया गया है। उन्होंने कहा कि लड़के की उम्र में अधिक अंतर पाया जाता है तो इस मामले में इम्मोरल ट्रैफिक एक्ट के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

जिला बाल संरक्षण अधिकारी बबीता चौधरी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि हांसी की बोगा राम कालोनी में एक नाबालिग लड़की की शादी करवाई जा रही है और सूचना के आधार पर जब यहां पहुंच लड़की की उम्र के दस्तावेज चेक किए तो लड़की की उम्र करीब साढ़े 14 वर्ष मिली। लड़की की मां ने बताया है कि लड़की के पिता का स्वर्गवास हो चुका है और गरीबी के चलते तथा अच्छा रिश्ता मिलने के कारण नाबालिग लड़की का विवाह करवाया जा रहा था। लड़की की मां के द्वारा उन्हें लिखित में आश्वासन दिया गया है कि वह अपनी लड़की का विवाह 18 वर्ष की होने के बाद ही करेंगी।

Tags

Next Story