पुलिस ने तस्करों पर कसी लगाम : दस माह में 615 आरोपित सलाखों के पीछे भेजे, 642 अवैध हथियार बरामद किए

पुलिस ने तस्करों पर कसी लगाम : दस माह में 615 आरोपित सलाखों के पीछे भेजे, 642 अवैध हथियार बरामद किए
X
जनवरी से शुरू हुए अभियान में अक्टूबर माह तक ही सुखद परिणाम देखने को मिले। सोनीपत और रोहतक पुलिस ने बड़े स्तर पर कार्रवाई की। सोनीपत पुलिस ने 231 आरोपित तो रोहतक पुलिस ने 157 आरोपित दबोचे।

विजय अहलावत :रोहतक

रोहतक रेंज पुलिस ने वर्ष 2021 में हथियार तस्करों पर लगाम कसने के लिए विशेष अभियान चलाया। दस माह में पुलिस ने करीब 553 एफआईआर दर्ज की, जिनमें 615 आरोपितों को सलाखों के पीछे भेजा। इनके पास से 642 हथियार बरामद किए गए। इस दौरान कई हथियार तस्कर गिरोह पर लगाम लगाई गई। अभियान में सराहनीय परिणाम देने वाले जिलों की पुलिस को सम्मानित भी किया गया।

रेंज के एडीजीपी संदीप खिरवार ने उनके मातहत रोहतक, झज्जर, सोनीपत, भिवानी और चरखी दादरी के एसपी को दिशा निर्देश जारी किए थे। इनमें कहा गया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध हथियार रखने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्हें जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए। जनवरी से शुरू हुए अभियान में अक्टूबर माह तक ही सुखद परिणाम देखने को मिले। सोनीपत और रोहतक पुलिस ने बड़े स्तर पर कार्रवाई की। सोनीपत पुलिस ने 231 आरोपित तो रोहतक पुलिस ने 157 आरोपित दबोचे।

बड़े तस्कर आए शिकंजे में

पुलिस ने हथियार तस्करी करने वाले बड़े तस्करों को शिकंजे में लाने के लिए कई बार जाल बिछाया। इसके लिए दूसरे राज्यों की पुलिस की मदद ली गई। यूपी, राजस्थान के बार्डर पर चेकिंग भी सख्त की गई। इस दौरान कई बड़े तस्करों पर लगाम कसी गई। पुलिस कई गिरोह को खत्म करने में कामयाब रही।

पड़ोसी राज्यों से हो रही तस्करी

अधिकतर मामलों में पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो सामने आया कि अवैध हथियार पड़ौसी राज्यों से लाए जा रहे हैं। बदमाश हरियाणा से सटे राजस्थान और यूपी समेत बिहार से हथियार लेकर आते हैं। इसके अलावा कई ओर राज्यों के तस्करों के नेटवर्क के जरिये हथियार मंगवाए जा रहे हैं। जिनकी सूचना उन राज्यों की पुलिस को भेजी जाती है।

इतनों पर हुई कार्रवाई

> सोनीपत पुलिस ने 219 एफआईआर दर्ज की। इन मामलों में 231 लाेग गिरफ्तार किए गए। इनसे पांच देशी गन, 201 देशी पिस्तौल, 5 देशी रिवाल्वर, एक राइफल, 822 कारतूस, 11 चाकू व अन्य 9 हथियार बरामद किए गए।

> रोहतक पुलिस ने अब तक 140 एफआईआर दर्ज की। जिनमें 157 आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 129 देशी पिस्तौल, दो गन, चार रिवाल्वर, 127 कारतूस और 8 चाकू और एक अन्य हथियार बरामद किया गया।

> झज्जर पुलिस ने 124 एफआईआर दर्ज की। जिनमें 133 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से एक देशी गन, 133 देशी पिस्तौल, तीन रिवाल्वर, एक विदेशी पिस्तौल, 333 कारतूस और 5 अन्य हथियार बरामद किए गए।

> भिवानी पुलिस ने 50 एफआईआर दर्ज की। इनमें 65 लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 82 देशी पिस्तौल, एक देशी गन, दो देशी रिवाल्वर, 251 कारतूस, चाकू और अन्य 14 हथियार बरामद हुए।

> चरखी दादरी पुलिस ने 20 एफआईआर दर्ज की। इनमें 29 लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 21 देशी पिस्तौल, एक देशी रिवाल्वर, 17 कारतूस और चाकू बरामद किए गए।

Tags

Next Story