किसानों पर लाठीचार्ज से हरियाणा में गर्माई राजनीति, कांग्रेसी बोले- सरकार ने जनरल डायर की याद दिला दी

करनाल में पुलिस द्वारा किसानों पर लाठीचार्ज करने से हरियाणा की राजनीति गर्मा गई है। विपक्षी नेताओं ने हरियाणा सरकार को फिर निशाने पर लिया और इस घटना की निंदा की। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि किसान बीजेपी के कार्यक्रम से लगभग 15 किलोमीटर दूर अपना विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। बावजूद इसके पुलिस ने वहां जाकर उनपर लाठियां बरसाई। यह कार्रवाई सरकार के मंसूबों को जगजाहिर करती है। ऐसा लगता है कि सरकार पहले ही किसानों को लहूलुहान करने का मन बना चुकी थी। इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
हुड्डा का कहना है कि अन्नदाता का खून बहाना बीजेपी-जेजेपी सरकार की आदत बन चुकी है। पहले सरकार जानबूझकर टकराव के हालात पैदा करती है और फिर अलोकतांत्रिक, अमानवीय, तानाशाही और क्रूर तरीके से किसानों पर कभी वॉटर कैनल, कभी आंसू गैस तो कभी लाठी-डंडों से हमला कर देती है। यह पहला मौका नहीं है जब सरकारी लाठियों से किसान लहूलुहान हुए हों। इससे पहले भी पीपली, कुंडली, पलवल, हिसार, रोहतक, पंचकूला और सिरसा समेत पूरे हरियाणा में सरकार ने अन्नदाता का खून बहाया है।
सरकार किसानों की मांगों को स्वीकार करे : दीपेंद्र हुड्डा
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने करनाल के बसताड़ा टोल प्लाजा पर किसानों पर हुए बर्बर लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार सत्ता में रहने का नैतिक अधिकार खो चुकी है। बीजेपी-जेजेपी सरकार क्रूरता की सारी हदें पार कर चुकी है। उन्होंने सवाल किया कि क्या कोई सरकार ऐसा बर्ताव अपने ही देशवासियों के साथ कर सकती है? दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि इस सरकार ने किसानों को पहले आर्थिक तौर पर पीटा अब शारीरिक तौर पर पीट रही है।
किसान हमारे अन्नदाता हैं न कि देश के दुश्मन : अभय चौटाला
इनेलो के प्रधान महासचिव अभय चौटाला ने करनाल के बसताड़ा टोल पर किसानों पर किए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं न कि देश के दुश्मन। किसान शांतिपूर्वक ढंग से अपनी मांगों को लेकर टोल पर प्रदर्शन कर रहे थे, ऐसे में उन पर भाजपा की खट्टर सरकार द्वारा लाठीचार्ज करना बेहद निंदनीय और कायरता पूर्ण भरा कदम है। लाठीचार्ज की घटना की जितनी निंदा की जाए उतनी कम है।
विवेक बंसल ने भाजपा-जजपा सरकार ने बर्बरतापूर्ण कार्यवाही की
चंडीगढ़। हरियाणा में कांग्रेस पार्टी मामलों के प्रभारी विवेक बंसल ने किसानों पर लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निन्दा की है। विवेक बंसल ने कहा कि अपने अस्तित्व को बचाने के लिए देश के किसान पिछले लगभग 9 महीनों से शांतिप्रिय तरीके से आंदोलन कर रहे हैं और इस दौरान 600 के करीब किसान अपनी जान न्यौछावर कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि देश का किसान, मजदूर इन कानूनों का विरोध कर रहा हैं परंतु अहंकारी भाजपा सरकार उनकी आवाज सुनने को तैयार नहीं है। इसी कड़ी में आज किसान करनाल में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे जिन पर भाजपा-जजपा सरकार ने बर्बरतापूर्ण कार्यवाही की।
मोदी सरकार ने तीन काले कानूनों से खेती का खून किया : सुरजेवाला
रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा-जजपा की 'कायर सरकार' ने करनाल में अन्नदाता किसान पर बेरहमी और बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज कर एक बार फिर ''जनरल डायर'' की याद दिला दी। शांतिप्रिय तरीके से विरोध कर रहे किसानों को जानवरों की तरह दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। दर्जनों लहूलुहान हो गए और सैकड़ों को चोटें आईं। एक बार फिर यह साबित हो गया कि अन्नदाता किसान के असली 'दुश-मन' हैं - दुष्यंत चौटाला और मनोहर लाल।
सरकार के दमनचक्र की एक और मिसाल देखने को मिली - कुमारी सैलजा
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष सैलजा ने कहा कि करनाल में पुलिस द्वारा किसानों पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया जाना बेहद शर्मनाक व निदंनीय है। वह इसकी कठोर शब्दों में निंदा करती हैं। कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा सरकार का अन्नदाताओं के साथ यह व्यवहार बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। सैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अन्नदाता के साथ है। कांग्रेस के समय में कभी अन्नदाता के साथ ऐसा छल नहीं हुआ। आज करनाल में भाजपा सरकार के दमनचक्र की एक और मिसाल देखी गई। खुद ड्यूटी मैजिस्ट्रेट खड़े होकर ये कहे कि उनके सर फोड़ देना। क्या ये लोकतंत्र में अच्छी मिसाल कायम करता है? सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार जिस प्रकार से हमारे किसान, मजदूर के साथ लगातार ऐसे अत्याचार कर रही है, आने वाले वक्त में हरियाणावासी इसे बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS