बिजली मंत्री रणजीत ने अपने भाई ओमप्रकाश चौटाला सहित भूपेंद्र हुड्डा पर कसा तंज, कह दी ये बात

हरिभूमि न्यूज. जींद
हरियाणा के बिजली एवं जेल मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने आप पार्टी द्वारा पंजाब में 300 यूनिट तक बिजली मुफ्त देने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह केवल ऐलान है जबकि पंजाब में पैसा नहीं है। पंजाब सरकार द्वारा कर्मचारियों को वेतन देना तक मुश्किल हो रहा है। पंजाब में पावर कट रहा है। जबकि हरियाणा में सरप्लस बिजली है।
रणजीत चौटाला रविवार को जींद की जाट धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले अर्बन एस्टेट स्थित जाट धर्मशाला में सर छोटूराम जयंती के उपलक्ष में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश चौटाला, भूपेंद्र हुड्डा और बंसीलाल यही कहते थे कि वे किसान के बेटे हैं, लेकिन किसी ने भी ट्यूबवेल का नया कनेक्शन तक दिया हो तो बता दो। किसी नेता ने कोई नया परिवर्तन करवाया हो तो यह भी बता दो। जो परिवर्तन आज हुआ वो किसानों ने अपने दम पर किया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी के पंजाब में जीत के बाद हरियाणा की राजनीति में प्रभाव पर बोलते हुए कहा कि भाजपा को देश में एकतरफा बहुमत मिला है। आम आदमी पार्टी ने केवल पंजाब राज्य में विधानसभा चुनाव जीता है। जबकि भाजपा ने चार राज्यों में सरकार बनाई है।
उत्तर प्रदेश में जहां 80 लोकसभा सीट हैं वहीं पंजाब में मात्र 13 सीट हैं। भाजपा को पूरे देश में सरकार बनाने में 50 साल लग गए। आज भी तमिलनाडू, केरल में भाजपा नहीं पहुंच पाई है। उन्होंने कहा कि चौधरी छोटूराम ने कृषि क्षेत्र में जो कार्य किए हैं उनका कोई सानी नहीं है। देश तथा प्रदेश की जनता हमेशा उनके कामों को याद करेगी। पिछले दिनों हुए किसान आंदोलन को लेकर उन्होंने कहा कि बहुत से सांसदों और विधायकों को तीन कृषि कानूनों में क्या था, इसकी जानकारी नहीं है। केवल अफवाह फैला दी गई कि कृषि कानून किसानों के खिलाफ हैं जिस पर आंदोलन चला। इसमें प्रदेश सरकार का कोई लेना-देना नहीं था। केंद्र सरकार कानून लेकर आई थी और सरकार ने कानूनों को वापस ले लिया।
उन्होंने कहा कि अमेरिका, जापान जैसे विकसित देशों में सात प्रतिशत लोग खेती करते हैं। जबकि भारत और पाकिस्तान में 70 प्रतिशत लोग कृषि करते हैं। किसानों के पास जमीन भी कम है। उनसे ज्यादा एक रेहड़ी वाला कमाता है। अगर किसान के पास दूसरा विकल्प हो, तो वो खेती नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि जींद, रोहतक और सोनीपत वाले बिजली का बिल बहुत कम भरते हैं लेकिन बिल जरूर भरें। जिससे बिजली में कभी कटौती नहीं आएगी। आज के दिन 5592 गांवों में 24 घंटे बिजली रहती है। प्रदेश के 700 गांव ऐसे हैं जहां बिल नहीं भरते हैं। ऐसे में बिल जरूर भरें। किसानों के लिए भी उनके विभाग द्वारा अनेकों कार्य किए जा रहे हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS