प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना : दूसरे बच्चे के जन्म पर पर भी मिलेंगे 6 हजार रुपये, 3 की बजाय 2 किश्तों में मिलेगी राशि

चंडीगढ़। केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री डॉ मुंजपारा महेंद्र ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना में गर्भवती महिलाओं को दी जाने वाली राशि अब तीन की बजाय दो किश्तों में दी जाएगी। यही नहीं यदि महिला को दूसरी संतान अगर बेटी हुई है तो भी उसे 6 हजार रुपये दिए जाएंगे। डॉ मुंजपारा महेंद्र पानीपत में आयोजित विगत 8 वर्षों की विभाग की उपलब्धियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस सब जोनल बैठक में उन्होंने कहा कि विगत 8 वर्षों में जिस तरह से महिलाओं, बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, उनके सशक्तिकरण, पोषण इत्यादि विषयों से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से लोगों को लाभ मिला है, उससे इनका जीवन सार्थक हुआ है।
उन्होंने हरियाणवी अंदाज में कहा कि छोरियां छोरों से कम नहीं। उन्होंने बताया कि सुकन्या समृद्धि योजना से लेकर पोषण अभियान, सक्षम आंगनबाड़ी, मिशन शक्ति स्कीम, मिशन वात्सल्य और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजनाओं ने महिला सशक्तिकरण को नया विस्तार दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा चलाई गई योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार हर क्षेत्र में नित नए आयाम स्थापित कर रही है।
हरियाणा की महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि भारत के सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक इतिहास में बडे बदलाव के लिए पानीपत मशहूर रहा है। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसेवक के तौर पर अपना दायित्व संभाला था। उसके बाद से देश में आधी आबादी के प्रति आमजन का नजरिया बदलने की शुरूआत हुई। यह ऐसे दौर की शुरूआत थी, जिसमें महिला सशक्तिकरण से लेकर बच्चों के सम्पूर्ण विकास की दिशा में कदम उठाए जाने थे। कमलेश ढांडा ने कहा कि वर्ष 2017 से प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के माध्यम से गर्भवती महिला, दूध पिलाने वाली माता से लेकर नवजात बच्चे के स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए पहले बच्चे को कवर करके तीन किश्त में 5000 रुपये की राशि देना शुरू किया था। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बतौर वित्तमंत्री वर्ष 2022-23 का जो बजट पेश किया, उसमें उन्होंने दूसरे बच्चे को भी इस योजना के माध्यम से कवर करने का ऐलान किया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS