हरियाणा आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू : कुरुक्षेत्र में करेंगी अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का उद्घाटन, जानिए पूरा शेड्यूल

हरियाणा आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू : कुरुक्षेत्र में करेंगी अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का उद्घाटन, जानिए पूरा शेड्यूल
X
हरियाणा में 19 नवंबर से 6 दिसंबर तक कुरुक्षेत्र में सरस और शिल्प मेले के साथ अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव -2022 का आयोजन किया जाएगा।

चंडीगढ़। हरियाणा में 19 नवंबर से 6 दिसंबर तक कुरुक्षेत्र में सरस और शिल्प मेले के साथ अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव -2022 का आयोजन किया जाएगा। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का हरियाणा आगमन भी कुरूक्षेत्र की पावन धरा पर होगा और उनके द्वारा 29 नवम्बर, 2022 को ब्रह्म सरोवर पर गीता यज्ञ एवं पूजन से मुख्य कार्यक्रमों का विधिवत शुभारम्भ किया जाएगा।मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। सीएम ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 29 नवम्बर को ही कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय गीता संगोष्ठी का भी शुभारम्भ करेंगी। 'श्रीमद्भगवदगीता की प्रेरणा से विश्व शान्ति और सदभाव' विषयक इस संगोष्ठी में देश-विदेश के गीता मर्मज्ञ, विद्वान एवं शोधार्थी अपने शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महोत्सव के दौरान देश-विदेश से आए शिल्पकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2022 में 19 नवंबर से 27 नवंबर तक संत मुरारी बापू जी द्वारा ब्रह्म सरोवर पर श्री राम कथा का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देश भर से हजारों श्रद्धालु आएंगे। कुरुक्षेत्र में पवित्र ब्रह्म सरोवर के तट पर आयोजित किए जा रहे गीता के इस पावन उत्सव में लोगों को एक बार फिर से राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकारों एवं शिल्पकारों का संगम देखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में 'अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव देश से बाहर मॉरीशस तथा लन्दन में भी मनाया गया। इस साल सितम्बर माह में कनाडा में भी यह महोत्सव आयोजित किया गया।

मल्टीमीडिया शो का उद्घाटन

गीता जन्मस्थली ज्योतिसर में श्रीकृष्ण के विराट स्वरूप की 50 फुट ऊंची प्रतिमा का निर्माण किया गया है, जिस पर 3डी मैपिंग टैक्नॉलोजी के माध्यम से गीता पर आधारित मल्टीमीडिया शो का उद्घाटन किया जाएगा।

पार्टनर देश नेपाल व पार्टनर स्टेट मध्यप्रदेश

इस बार अन्तर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव- 2022 में नेपाल पार्टनर देश एवं मध्यप्रदेश पार्टनर राज्य की भूमिका में रहेगें। पुरुषोत्तमपुरा बाग, ब्रह्म सरोवर पर मध्यप्रदेश सरकार द्वारा पैवेलियन लगाया जा रहा है, जिसमें उनकी संस्कृृति, शिल्प, खान-पान इत्यादि से सम्बन्धित स्टॉल आकर्षण का केन्द्र रहेंगे।

हरियाणा पैवेलियन से राज्य की संस्कृति से रूबरू होंगे पर्यटक

अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में हरियाणा के लोकनृत्य, शिल्प, लघुउद्योग, खान-पान इत्यादि से सम्बन्धित हरियाणा पैवेलियन लगेगा, जिससे महोत्सव में आने वाले पर्यटक एवं तीर्थयात्री हरियाणा की संस्कृति से रूबरू हो सकेंगे। विभिन्न विभागों द्वारा हरियाणा के विकास एवं उन्नति विषयक प्रदर्शनियां भी लगाई जा रही हैं, जिससे लोगों को सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं एवं प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी मिलेगी।

प्रतिदिन होगी भजन संध्या व भव्य गीता आरती

19 नवम्बर से 6 दिसम्बर, 2022 तक ब्रह्म सरोवर के पावन तट पर भजन संध्या और उसके पश्चात भव्य गीता आरती का आयोजन किया जाएगा। यह आरती देश के अन्य तीर्थों पर संध्याकाल को होने वाली भव्य आरती के ही समान होगी। इस महोत्सव के अवसर पर इस वर्ष 1 नवम्बर से ऑनलाईन गीता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता चल रही है, जो 18 नवम्बर तक चलेगी। इसमें विद्यार्थियों सहित अनेक श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। इस ऑनलाईन प्रतियोगिता में भारत सहित अमेरिका, कनाडा और कुवैत जैसे अनेक देशों के नागरिकों ने भी अपना पंजीकरण करवाया है। अब तक इस प्रतियोगिता में 50 हजार से अधिक लोग अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। इसके अलावा, महोत्सव के दौरान 18 नवम्बर को कुरुक्षेत्र में गीता मैराथन का आयोजन किया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में शामिल होंगे विभिन्न देशों के राजदूत

अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2022 में अजरबैजान, इथोपिया, वियतनाम आदि देशों के राजदूत भी शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त, अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2022 के प्रारम्भ होने से पहले ही अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, पोलैंड, चीन सहित 25 से ज्यादा देशों के 4 लाख से अधिक लोग सोशल मीडिया के जरिए महोत्सव के साथ जुड़ चुके हैं। इस महोत्सव की वेबसाइट के पेज पर 3 लाख 80 हजार से ज्यादा लोग विजिट कर चुके हैं। यह निश्चय ही इस महोत्सव की लोकप्रियता के प्रमाण हैं। इस महोत्सव में इस बार 48 कोस कुरुक्षेत्र भूमि के 75 तीर्थों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, आरती एवं गीता जयन्ती के दिन 4 दिसम्बर को दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

3 दिसंबर को होगा संत सम्मेलन

3 दिसम्बर को महोत्सव के दौरान पुरुषोत्तमपुरा बाग में सन्त सम्मेलन का आयोजन होगा। इसमें देश के प्रख्यात सन्त मिलकर गीता एवं अध्यात्म विषय पर चर्चा करेंगे। सन्तों का यह मिलन इस समारोह की गरिमा को एक नया स्वरुप प्रदान करेगा। इसके अलावा, 4 दिसम्बर को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में 48 कोस कुरुक्षेत्र के तीर्थों पर एक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रहेगी।

18 हजार विद्यार्थियों द्वारा होगा वैश्विक गीता पाठ

गीता जयन्ती के दिन 4 दिसम्बर को कुरुक्षेत्र में 18 हजार विद्यार्थियों द्वारा वैश्विक गीता पाठ किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेशभर से 75 हजार विद्यार्थी तथा देश-विदेश से लाखों गीता प्रेमी एवं श्रद्धालु ऑनलाईन माध्यम से जुड़ेंगे। इस बार भी धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा प्रदर्शनियों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें 48 कोस कुरुक्षेत्र, सन्त कबीर, सन्त रविदास, महर्षि वाल्मिकि, दिव्य ज्योति, चिम्य मिशन, इस्कॉन आदि की प्रदर्शनियां होेंगी। इसके अलावा, गीता पुस्तक मेले का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें देश के 25 से अधिक संस्थाएं एवं प्रमुख प्रकाशक अपनी सहभागिता देकर इस महोत्सव को ज्ञान का महोत्सव बनाने में सहयोग करेंगे।

Tags

Next Story