29 नवंबर को कुरुक्षेत्र से हरियाणा को 3 बड़ी सौगात देंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

हरिभूमि न्यूज : कुरुक्षेत्र
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2022 पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू व मुख्यमंत्री मनोहर लाल प्रदेशवासियों को 3 बड़ी योजनाओं की सौगात देंगे। राष्ट्रपति इन परियोजनों का शुभारंभ करने के साथ-साथ 29 नवंबर को ही अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2022 का विधिवत रुप से आगाज भी करेंगी। इस महोत्सव के साथ-साथ सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की राज्यस्तरीय हाईटेक प्रदर्शनी, हरियाणा व मध्य प्रदेश पवेलियन, गीता शिल्प मूर्ति उद्यान के साथ-साथ कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय गीता सेमिनार का शुभारंभ करेंगी। इन कार्यक्रमों के उपरांत राष्ट्रपति राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के 18वें दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी। इन सभी कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। राष्ट्रपति मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सर्वेक्षण योजना, हरियाणा ई-टिकटिंग प्रोजेक्ट व 950 करोड़ रुपए की लागत से सिरसा जिले के मेडिकल कालेज का शिलान्यास करेंगी।
मुख्य कार्यक्रमों का आगाज होगा 29 से
कुरुक्षेत्र के उपायुक्त शांतनु शर्मा ने गुरुवार को देर सायं 29 नवंबर के कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया। उपायुक्त ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2022 के मुख्य कार्यक्रमों का आगाज ब्रहमसरोवर पुरुषोतमपुरा बाग में 29 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल बंडारु दत्तात्रेय, मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा मंत्रौच्चारण के बीच गीता पूजन व यज्ञ में आहुती डालकर किया जाएगा। इसके बाद सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की राज्यस्तरीय प्रदर्शनी, हरियाणा व मध्यप्रदेश पवेलियन, गीता शिल्प मूर्तिकला उद्यान का उदघाटन करेंगी। इसके उपरांत अंतर्राष्ट्रीय गीता सेमिनार का शुभारंभ करने के साथ-साथ प्रदेशवासियों को 3 बड़ी परियोजनाओं की सौगात भी देंगी। इन सभी कार्यक्रमों स्थलों पर प्रोटोकॉल के अनुसार सभी प्रकार के प्रबंध पूरे किए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र भौरिया ने कहा कि 29 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल बंडारु दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यक्रमों पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे। सभी कार्यक्रम स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात किया जाएगा और सभी से अनुरोध भी किया जा रहा है कि राष्ट्रपति के आगमन के बाद किसी को भी कार्यक्रम स्थलों पर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS