प्राइवेट बस कंडक्टर-ड्राइवर की दादागिरी, ज्यादा किराया वसूलने के बाद फौजी को धुना

प्राइवेट बस कंडक्टर-ड्राइवर की दादागिरी, ज्यादा किराया वसूलने के बाद फौजी को धुना
X
घटना एक पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस ने उसकी फुटेज के आधार पर कई लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

रेवाड़ी। प्राइवेट बस ऑपरेटरों की दादागिरी फौजी के लिए उस समय भारी पड़ गई जब पहले उसने अधिक किराया वसूल करने का विरोध किया और बाद में चालक-परिचालक को शराब पीने से मना किया। दोनों ने आसलवास के आसपास के गांव से कई युवकों को बुलवाकर फौजी की बुरी तरह पिटाई कर दी। घटना एक पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस ने उसकी फुटेज के आधार पर कई लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

राजस्थान के गांव हुलमाना निवासी सुरेश भारतीय सेना में अमृतसर में कार्यरत हैं। दिवाली पर्व पर सुरेश अपने घर आ रहे थे। वह दिल्ली से शाहजहांपुर के लिए हरियाणा रोडवेज से मिलती-जुलती बस को रोडवेज बस समझकर सवार हो गए। सुरेश ने थाना कसोला पुलिस को दर्ज शिकायत में बताया कि शाहजहांपुर का किराया 130 रुपए होने के बावजूद बस परिचालक ने 200 रुपए वसूल किए। उन्होंने विरोध किया तो परिचालक बस में ही झगड़ा करने पर उतारू हो गया। इसके बाद वह शांत होकर बैठ गए।

फौजी ने बताया कि बस को आसलवास के पास एक होटल पर करीब 1 घंटे तक रोके रखा। चालक और परिचालक होटल पर शराब पी रहे थे। यात्री अपने गंतव्य पर जाने के लिए परेशान हो रहे थे। उन्होंने चालक और परिचालक से कहा कि इस तरह शराब पीने के बाद गाड़ी चलाते समय कोई भी हादसा हो सकता है, तो दोनों ने उसके साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया। फोन करके आसपास के गांवों से 10-15 लड़के वहां बुला लिए, जिन्होंने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बस यात्रियों ने उन्हें छुड़वाया। इसी बीच पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया।

सीसीटीवी में कैद घटना

फौजी ने बताया कि यह घटना पास के पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए उस समय परिचालक को हिरासत में ले लिया था। इसके बाद क्या हुआ, उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है। फौजी की शिकायत पर कसोला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।

Tags

Next Story