दूल्हे ने दुल्हन को डाली वरमाला, फिर मंडप से सीधा पहुंच गया पुलिस थाने, जानें पूरा मामला

दूल्हे ने दुल्हन को डाली वरमाला, फिर मंडप से सीधा पहुंच गया पुलिस थाने, जानें पूरा मामला
X
जयमाला तक सब ठीक था लेकिन फेरों के वक्त दूल्हा रूठ गया। उसने शादी से साफ इंकार कर दिया। फिर खूब बवाल मचा और मामला थाने तक जा पहुंचा।

हरिभूमि न्यूज : बहादुरगढ़

गाजे-बाजे से बारात आई। वधु पक्ष ने बारात का जोर शोर से स्वागत किया। शादी की रस्में शुरू हुई। जयमाला तक सब ठीक था लेकिन फेरों के वक्त दूल्हा रूठ गया। उसने शादी से साफ इंकार कर दिया। फिर खूब बवाल मचा और मामला थाने तक जा पहुंचा। अब दुल्हन अपने घर पर है और दूल्हा कई घंटों से थाने में है। मामले को दहेज से जोड़कर देखा जा रहा है। अभी केस तो दर्ज नहीं हुआ है, लेकिन लाइनपार पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वधु पक्ष ने बेटी देने से इंकार कर दिया है।

मामला लाइनपार के सूरत नगर का है। दरअसल, यूपी का एक परिवार पिछले कुछ वर्ष से यहां रहता है। इन्होंने अपनी तीसरे नम्बर की बेटी की शादी दिल्ली निवासी विक्रम के साथ तय की थी। वीरवार सात जुलाई को शादी थी। रात को गाजे बाजे के साथ बारात आई। वधु पक्ष ने वर पक्ष की आव-भगत की। विवाह की रस्में शुरू हुई। जयमाला हो गई, लेकिन जब फेरों की रस्म शुरू हुई तो किसी बात पर दूल्हा नाराज हो गया। आरोप है कि उसने फेरे लेने इंकार कर दिया। वधु पक्ष ने काफी प्रयास किए, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद विवाद हो गया। खूब झगड़ा हुआ। मामला बढ़़ा तो दुल्हन पक्ष ने 112 पर कॉल कर दी। पुलिस की ईआरवी टीम वहां आई। दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, लेकिन सुलह नहीं हुई। इसके बाद पुलिस दूल्हे, दूल्हे के पिता को अपने साथ ले गई। अल सुबह से लेकर शुक्रवार दोपहर बाद तक दूल्हा व उसका पिता पुलिस की निगरानी में थाने में थे।

मामले में फिलहाल कई तरह की चर्चा है। दुल्हन पक्ष का कहना है कि दूल्हे को इंतजामात पसंद नहीं आए। दूल्हे ने हमसे कहा कि अच्छा टैंट नहीं है। खाना अच्छा नहीं है। बैंक्वेट हॉल बुक कराना चाहिए था। दुल्हन की ठोड़ी पर मस है। दुल्हन के पिता का कहना है कि जब रिश्ता तय हुआ तो उन्होंने अपने रिवाजों अनुसार दान दहेज दिया था। दहेज व आयोजन सहित करीब 25 लाख का खर्चा हो गया, लेकिन लड़के वालों का मन नहीं भरा। फेरों से ठीक पहले अलग अलग डिमांड करने लगे और शादी से इंकार कर दिया। हमारे कार्यक्रम और बेटी में नुख्स निकाल रहे हैं। ये भी कह रहे हैं कि हमने लड़की बदल दी। जबकि ऐसा कुछ नहीं है। हम ऐसे परिवार को अपनी बेटी नहीं दे सकते। यदि ये हमारा खर्चा देते हैं तो ठीक, वरना कानूनी कार्रवाई करेंगे। किसी भी सूरत में इनको अपनी बेटी नहीं देंगे। वहीं दूल्हा पक्ष ने तमाम आरोपों को नकारा है। उनका कहना है कि हमने कोई डिमांड नहीं की।

दूल्हा बीटेक की पढ़ाई कर चुका है और दुल्हन एमए पास है। दोनों पढ़े लिखें हैं। विवाद की असल वजह अभी जांच का विषय है। किस पक्ष की गलती है, यह जांच पूरी होने के बाद पता चल सकेगा। उधर, लाइनपार थाना प्रभारी रामकरण सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ चल रही है। अभी लिखित में शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। यदि शिकायत मिली तो कार्रवाई जरूर करेंगे।

Tags

Next Story