खरीफ खरीद सीजन : मंडियों में धान की 1121 किस्म की दस्तक शुरू, किसानों को मिला 3800 रुपये प्रति क्विंटल का भाव

सोनीपत जिले की मंडियों में 1121 धान की किस्म की आवक शुरू हो गई है। उक्त धान की किस्म किसानों के लिए बेहतर मुनाफा दे रही है। मंडी में किस्म को 3800 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से भाव मिला है। हालांकि गत वर्ष यह किस्म 3500 रुपए प्रति क्विंटल तक बिकी थी। वहीं मौसम साफ होने के बाद धान की किस्म 1509 के भाव में भी सुधार हुआ है। रविवार को सोनीपत अनाज मंडी में धान की किस्म 1509 का भाव 3600 रुपए प्रति क्विंटल तक रहा। जबकि बरसात की वजह से भाव गिरकर 3400 रुपए प्रति क्विंटल रह गया था। खेतों में पानी भरा होने के चलते धान की फसल लेट मंडी में पहुंच रही है।
गत सप्ताह बारिश होने की वजह से मंडी में धान की आवक न के बराबर थी। वहीं मौजूदा समय में मौसम पूरी तरह से साफ हो चुका है, लेकिन जिले के कई क्षेत्रों में जल भराव की स्थिति होने के कारण मंडी में धान की आवक में कमी आनी शुरू हो गई है। रविवार को भी सोनीपत अनाज मंडी में महज 15 से 16 हजार बैग धान ही पहुंच पाया। जानकारों के अनुसार धान की किस्म 1509 की कटाई व कढ़ाई का काम लगभग पूरा हो चुका है, जिसके कारण धान की आवक में बड़ी गिरावट आई है। वही धान की अन्य किस्मों की कटाई की प्रक्रिया अभी शुरू हुई है। दीपावली के बाद एक बार फिर से मंडियों में धान की आवक बढ़ सकती है। धान की किस्म 1121 की आवक शुरू हुई है, लेकिन यह अभी काफी कम है। धान की आवक कम होने की वजह से भी धान के भावों में बढ़ोतरी बनी हुई है।
अब तक 39 हजार 661 मीट्रिक टन धान की हो चुकी है खरीद
सोनीपत जिले में खरीफ खरीद सीजन के तहत अब तक 39 हजार 661 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। जिसके अंतर्गत ग्रेड ए 3 हजार 873 मीट्रिक टन खरीदा जा चुका है, जबकि धान की 1509 किस्म का धान 35 हजार 788 मीट्रिक टन खरीदा जा चुका है। हालांकि इस बार बाजरे की खरीद अपेक्षाकृत काफी कम हुई है। अब तक जिले के विभिन्न खरीद केन्द्रों पर 214 मीट्रिक टन बाजरे की खरीद हो पाई है। सोनीपत अनाज मंडी के साथ-साथ खरखौदा, गन्नौर व गोहाना अनाज मंडी में भी बड़ी संख्या में किसान धान लेकर पहुंच रहे हैं। हालांकि इस बार आढ़तियों की हड़ताल की वजह से जिले का काफी धान खरीद सीजन के शुरूआती दौर में नरेला भी पहुंचा है। सोनीपत जिले में लगभग 90 हजार हेक्टेयर भूमि में धान की रोपाई व बिजाई की गई है।
मंडी में 1509 की आवक के साथ-साथ अब 1121 की आवक शुरू हो गई है। गत वर्ष मिले भाव से ज्यादा किसानों को 1121 के भाव मिल रहे है। अगले कुछ दिनों में धान की आवक में बढ़ोतरी होगी। 1509 किस्म की आवक कम हुई है, क्योंकि खेतों में अब काफी कम धान खड़ा है। बासमती की अन्य किस्मों की कटाई प्रक्रिया अब शुरू होगी। पवन गोयल, प्रधान, आढ़ती एसोसिएशन, सोनीपत।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS