Khelo India : गुरुग्राम में हुआ खेलो इंडिया गेम्स का प्रोमोशन कार्यक्रम, सीएम मनोहर ने की ये अपील

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। इन खेलों के लिए 25 दिन यानी 600 घंटे बाकी रह गए हैं। आज का यह कार्यक्रम सभी को संदेश देने के लिए है कि सभी को इन खेलों में भाग ले रहे खिलाडियों के उत्साहवर्धन के लिए आगे आना है। उन्होंने इच्छा जताई की हरियाणा के खिलाडी इन खेलों में भी प्रदेश को वैसे ही प्रथम लेकर आएं जैसे वह ओलंपिक्स और दूसरी आंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं में भी देश में सबसे आगे लेकर आते हैं। खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 में खिलाड़ियों सहित दर्शकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए और विशेष तौर पर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में इंडिया यूथ गेम्स-2021 के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए मंगलवार को गुरुग्राम में प्रोमोशनल कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री बनवारी लाल, खेल व युवा मामले राज्य मंत्री संदीप सिंह, गुरुग्राम के उपायुक्त निशांत यादव, खेल एवं युवा मामले विभाग के अधिकारियों और खिलाड़ियों सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन खेलों के लिए देशभर से लोग आएंगे, जिससे यहां लघु भारत का दर्शन होगा। यह विशाल कार्यक्रम है, खेलों में 8500 से अधिक एथलीट्स भाग लेंगे। इसके अलावा लाखों दर्शक इन खेलों में शामिल होंगे। कार्यक्रम केवल पंचकूला में ही नहीं बल्कि चंडीगढ़, अंबाला, शाहबाद और दिल्ली में भी होंगे। पूरे हरियाणा में इसके कार्यक्रम होंगे और पूरे हरियाणा के दर्शक इन खेलों को देखने पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोग खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए इन खेलों में पहुंचे, खासकर युवा खिलाड़ी ज्यादा संख्या में इन खेलों में शामिल हों।
उल्लेखनीय है कि 7 मई को पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में शनिवार को खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के चौथे सीजन का शानदार और भव्य आगाज हुआ है। इस लॉन्च कार्यक्रम में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का शुभंकर (मस्कट), लोगो, जर्सी और थीम गीत भी लॉन्च किया गया। लॉन्चिंग सेरेमनी में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय खेल, युवा मामले और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर भी शामिल हुए थे। 'खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021' का आयोजन 4 जून से 13 जून, 2022 तक राज्य सरकार और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। इस भव्य आयोजन में 25 तरह के खेल आयोजित होंगे, जिनमें पांच पारंपरिक खेल जैसे गतका, कलारीपयट्टू, थांग-ता, मलखंब और योगासन शामिल हैं। ये खेल पांच स्थानों पंचकूला, अंबाला, शाहाबाद, चंडीगढ़ और दिल्ली में आयोजित होंगे। खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 में 8500 से अधिक एथलीट्स भाग लेंगे। इसके अलावा लाखों दर्शक इन खेलों के गवाह बनेंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS