जींद : अध्यापिकाओं के तबादला किए जाने के विरोध में पेगां स्कूल पर जड़ा ताला, छात्राओं की पढ़ाई हो रही है प्रभावित

हरिभूमि न्यूज. जींद
गांव पेगां के राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय से तीन अध्यापिकाओं के तबादला किए जाने के विरोध में वीरवार को छात्राओं ने स्कूल पर ताला जड़ दिया और धरने पर बैठ गई। छात्राओं का कहना था कि अध्यापिकाओं की बदली के कारण उनकी शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो रही है। रिक्त पदों पर अबतक भी अध्यापिकाओं की बहाली नहीं की गई है जिसके चलते उन्हें पढ़ाई करने में परेशानी आ रही है।
गांव पेगां के राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं का गुस्सा वीरवार सुबह उस समय फूट गया जब तबादला की गई तीन अध्यापिकाओं के स्थान पर दूसरे अध्यापिकओं की नियुक्ति नहीं की गई। जिसका सीधा असर छात्राओं की पढ़ाई पर पड़ा। खफा छात्राओं ने वीरवार सुबह स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बाहर धरने पर बैठ गई।
छात्राओं का कहना था कि सरकार की नई रेशनेलाइजेशन पॉलिसी के तहत तीन अध्यापिकाओं का तबादला किया गया था। अबतक उनके स्थान पर नए अध्यापिकाओं की नियुक्ति नहीं की गई है। जिसके चलते उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्राओं ने कहा कि परीक्षाएं सिर पर हैं और बिना अध्यापिकाओं के वह अपनी पढ़ाई सुचारू नहीं कर पा रही हैं। स्कूल पर ताला जड़ने की सूचना मिलते ही खंड शिक्षा अधिकारी सुरशे जोजवान मौके पर पहुंचे और छात्राओं तथा अभिभावकों से बात की। फिलहाल छात्राएं अध्यापिकाओं की तुरंत प्रभाव से नियुक्ति की मांग पर अड़ी हुई हैं और स्कूल पर ताला जड़ा हुआ है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS