टीकरी बॉर्डर पर पंजाब के एक और किसान की मौत

टीकरी बॉर्डर पर पंजाब के एक और किसान की मौत
X
45 वर्षीय सुखविंदर पंजाब के लुधियाना जिले का रहने वाला था और लंबे समय से आंदोलन से जुड़ा था।

हरिभूमि न्यूज. बहादुरगढ़

टीकरी बॉर्डर पर चल रहे आंदोलन में एक और किसान की मौत हो गई। मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। हृदयाघात की आशंका जताई जा रही है। असल पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हो पाएगी। दरअसल, कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे इस आंदोलन को शनिवार को सात महीने पूरे हो गए। इन सात महीनों के संघर्ष के दौरान कई किसानों की जान जा चुकी है। शुक्रवार की रात को एक और किसान की सांस थम गई। मृतक की पहचान करीब 45 वर्षीय सुखविंदर के रूप में हुई है।

सुखविंदर पंजाब के लुधियाना जिले का रहने वाला था। लंबे समय से इस आंदोलन से जुड़ा था। वह यहां बाईपास पर नए बस स्टैंड के सामने स्थित कम्युनिटी सेंटर के नजदीक ठहरा हुआ था। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की शाम को वह टेंट में सो गया। रात करीब दस बजे साथी किसानों ने उसे जगाना चाहा तो वह नहीं उठा। इसके बाद किसानों को शंका हुई और वे उसे अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सेक्टर-9 चौकी से पुलिस अस्पताल में पहुंची और किसानों से पूछताछ की। शव को डेड हाउस में रखवा दिया गया। शनिवार को शव परिजनों को सौंपा गया।

Tags

Next Story