नारनौल में खूनी संघर्ष : मेले में कहासुनी पर झगड़ा, भतीजे ने घर में घुसकर ताऊ को पीटा, पुत्रवधु को मारी गोली

नारनौल में खूनी संघर्ष : मेले में कहासुनी पर झगड़ा, भतीजे ने घर में घुसकर ताऊ को पीटा, पुत्रवधु को मारी गोली
X
चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया और गोली लगी महिला को हायर सेंटर रोहतक के लिए रेफर किया गया है। समाचार लिखे जाने तक दूसरा पक्ष सामने नहीं आया था वहीं पुलिस आरोपितों को पकड़े में जुटी हुई थी।

हरिभूमि न्यूज : नारनौल

शहरी क्षेत्र में शामिल हुए गांव मांदी में शुक्रवार शाम मोलडनाथ मेले के अंदर दो पक्षों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। घटना के बाद एक पक्ष से जुड़े लोगों ने दूसरे पक्ष के घर पर जाकर हमला किया। इस दौरान बीच बचाव करने आई महिला को हमलावरों ने गोली मार दी। फिर मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद पहुंची पुलिस ने घायल ससुर व पुत्रवधु को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस जांच में जुटी हुई थी।

गांव मांदी के घायल हरद्वारी लाल ने बताया कि गांव में बाबा मोलडनाथ का मेला व भंडारा था। वहां गांव का ही एक व्यक्ति शराब पीकर आया और गाली गलौच करने लगा। उसे मना किया लेकिन वह नहीं माना। बल्कि झगड़ा करने पर उतारू हो गया। इस वजह से वह मेला छोड़कर घर आ गया। किसी से पता चला कि कहासुनी करने वाले व्यक्ति के परिजन झगड़ा करने मकान पर आ रहे हैं। इसी अंदेशे के चलते डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।

पुलिस पहुंचने से पहले ही कुछ बाइकों पर सवार होकर चार-पांच लड़के आए। इनमें परिवार से ही रिश्ते में भतीजा लगने वाला लड़का अभिमन्यु और उसके साथ अन्य लड़के थे। यह लोग दरवाजा खटखटाने लगे और जबरदस्ती घर में घुसकर मारपीट करने लगे। जब झगड़े के बीच पुत्रवधु प्रियंका बीच बचाव करने लगी तो भतीजे अभिमन्यु ने पुत्रवधु को गोली मार दी। यह गोली पुत्रवधु के पैर में लगी। हमलावरों ने चार-पांच फायर किए। फिर वारदात को अंजाम देकर मौके से भाग खड़े हुए। इसके बाद पहुंची पुलिस ने ससुर हरिद्वारीलाल व पुत्रवधु प्रियंका को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया।

एएसपी ने अस्पताल पहुंचकर की पीड़ितों से बातचीत

घटना के बाद नागरिक अस्पताल में एएसपी संदीप कुमार पहुंचे और पीड़ित हरद्वारी व उनकी पुत्र वधु प्रियंका से वारदात के बारे में पूरी जानकारी ली। इसके बाद उपचार करने वाले चिकित्सक से भी एएसपी ने बातचीत की। चिकित्सक ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया और गोली लगी महिला को हायर सेंटर रोहतक के लिए रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक दूसरा पक्ष सामने नहीं आया था वहीं पुलिस आरोपितों को पकड़े में जुटी हुई थी।

Tags

Next Story