कांग्रेस की डूबी नाव को बचाने के लिए राहुल आए सड़कों पर, यात्रा में किसी का टूटा पांव, तो किसी को लगा धक्का : कैप्टन अभिमन्यु

नारनौंद : पूर्व वित्त मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कैप्टन अभिमन्यु ने कहा है कि कांग्रेस की 'भारत जोड़ो' यात्रा एक तरह से प्रदेश में जोड़ने की बजाय तोड़ने का काम कर गई। इस यात्रा में किसी का पांव टूटा, तो किसी को धक्का लगा, लेकिन राहुल गांधी काम तमाम कर निकल गए।
कैप्टन अभिमन्यु गांव खांडाखेड़ी में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। कैप्टन अभिमन्यु ने राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो' यात्रा पर कहा कि कांग्रेस पार्टी अपनी खोई हुई जमीन को तलाशने के लिए घूम रही है। देश की जनता ने कांग्रेस पार्टी को सिरे से नकार दिया है। राहुल गांधी देश जोड़ने की बातें तो छोड़ें, वह पहले पार्टी को ही जोड़ कर दिखाएं, जो उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती है। प्रदेश के कांग्रेस नेता अशोक तंवर को पार्टी से निकाल दिया। कुलदीप बिश्नोई को भी पार्टी से बाहर का रास्ता देखने के लिए मजबूर किया गया। रणदीप सिंह सुरजेवाला को प्रदेश से बाहर जाकर चुनाव लड़ना पड़ा। वहीं, यात्रा में किसी का पांव टूटा, तो किसी को कोहनी मारकर पीछे किया गया। पार्टी में नूरा कुश्ती चल रही है।
हिसार से लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि मैं पार्टी का एक छोटा-सा कार्यकर्ता हूं। पार्टी का काम है चुनाव लड़ाना या न लड़वाना। पार्टी के जो भी आदेश होंगे, उस पर खरा उतरने का काम करूंगा। उन्होंने कहा कि भाजपा में टिकट मांगने की परम्परा नहीं है। पार्टी के जहां से आदेश हुए, वहीं से चुनाव लड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्टी पूरी मजबूती के साथ 36 बिरादरी की हितैषी है और गरीब, मजदूर, किसान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं बनाकर उन्हें लाभ पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला परिषद के चेयरमैन सोनू डाटा, भाजपा युवा नेता अजय सिंधु, पार्षद संजय खरब, जयवीर माजरा, आजाद शर्मा, पार्षद जसवीर लाडवा, पूर्व सरपंच आरसी जांगड़ा आदि विशेष तौर पर मौजूद थे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS