राज्यसभा सदस्य डॉ. सुशील गुप्ता बोले : शांतिपूर्वक चल रहे आंदोलन को विफल करने के लिए चाल चल रही सरकार

राज्यसभा सदस्य डॉ. सुशील गुप्ता बोले : शांतिपूर्वक चल रहे आंदोलन को विफल करने के लिए चाल चल रही सरकार
X
आम आदमी पार्टी का कहना है कि यह सरकार आम जनता के साथ साथ किसानों का भी विश्वास खो चुकी है। यही वजह है कि प्रदेश में किसानों के साथ-साथ कर्मचारी भी संघर्ष के लिए तैयार हो रहे हैं।

पंचकूला। आम आदमी पार्टी ने सीएम सिटी करनाल के गांव कैमला में होने वाली मुख्यमंत्री मनोहर लाल की किसान महापंचायत में किसानों पर ठंडे पानी की बौछार करने व उन पर आंसू गैस के गोले दागने की कार्रवाई की कटु आलोचना की है।

पार्टी का कहना है कि यह सरकार आम जनता के साथ साथ किसानों का भी विश्वास खो चुकी है। यही वजह है कि प्रदेश में किसानों के साथ-साथ कर्मचारी भी संघर्ष के लिए तैयार हो रहे हैं।

हरियाणा प्रदेश संयोजक एवं राज्यसभा सांसद डा. सुशील गुप्ता एवं उत्तरी हरियाणा जोन सचिव योगेश्वर शर्मा ने कहा कि जब मुख्यमंत्री और प्रशासन को इस बात का पूरा ईलम था कि किसान तीनों काले कानूनों का विरोध जता रहे हैं और किसान मुख्यमंत्री की इस महापंचायत का विरोध करने की लगातार चेतावनी दे रहे थे तो इस महापंचायत के आयोजन का क्या औचित्य था?

गुप्ता ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों पर चल रहे किसानों के शांतिपूर्ण आंदोलन को असफल करने का षडयंत्र रच रही है और किसानों को बदनाम करने के लिए यह सब हो रहा है। जिसके चलते शनिवार को प्रशासनिक और पुलिस अफसरों की किसान नेताओं के साथ एक बैठक भी हुई, जिसमें अफसरों ने किसानों को चेतावनी दी थी कि उन्हें शांतिपूर्वक धरना करने का तो अधिकार है।

लेकिन यदि कैमला में महापंचायत के दौरान कोई गड़बड़ी की तो सख्ती से निपटा जाएगा। इस चेतावनी के बावजूद रविवार को हजारों की संख्या में किसानों का जत्था कैमला की ओर रवाना हो गया।

जिसे यह बात साफ होती है कि यह सरकार किसानों में अपना विश्वास खो चुकी है और उन्हें अब भाजपा नेताओं व सरकार पर किसी तरह का कोई भरोसा नहीं रह गया। सुशील गुप्ता ने कहा कि इस किसान आंदोलन में अब तक 60 से भी ज्यादा किसान अपनी शहादत दे चुके हैं। परंतु यह सरकार इतनी असंवेदनशील हो हो चुकी है कि उसे उनकी शहादत से भी कोई फर्क नहीं पड़ा और वह अपना हठ छोड़ने को तैयार नहीं है।

Tags

Next Story