राकेश टिकैत बोले - लखीमपुर घटना की निष्पक्ष जांच के लिए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री को बर्खास्त करना जरूरी

हरिभूमि न्यूज. रादौर
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के मंत्रीमंडल में बने रहने के दौरान लखीमपुर खीरी घटना की निष्पक्ष जांच नहीं हो सकती। इसलिए उन्हें मंत्रीमंडल से तुरंत बर्खास्त करना चाहिए। टिकैत रविवार को रादौर क्षेत्र के गांव धौडंग में यूनियन के जिला प्रधान सुभाष गुज्जर के पिता हुकम सिंह के निधन पर आयोजित शोकसभा में श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे।
राकेश टिकैत ने कहा कि लखीमपुर की घटना में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय सिंह टेनी की भूमिका संदिग्ध है इसलिए वह जब तक मंत्रीमंडल में बना रहेगा तो निष्पक्ष जांच होना मुश्किल है। टिकैत ने कहा कि अजय सिंह टेनी बैगग्राउंड आपराधित प्रवृति का है इसलिए उनका इलाके में दबदबा है। उनके खिलाफ कोई व्यक्ति बोलने को तैयार नहीं है। इसलिए संयुक्त किसान मोर्चा उन्हें बर्खास्त करने की मांग कर रहा है। उन्होंने कहा की लखीमपुर की घटना के दौरान संयुक्त किसान मोर्चा ने सरकार के समक्ष जो मांगे रखी थी, उनमें से करीब-करीब सभी मांगे पूरी हो चुकी हैं। जिसमें मृतकों के परिवारों को नौकरी दिए जाने, मुआवजा, आरोपित की गिरफ्तारी व निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच की मांग शामिल थी। इसके अलावा उन्होंने आरोपित के पिता एवं केंद्रीय गृह राज्यमंत्री की बर्खास्तगी की मांग की थी। मगर यह अभी तक पूरी नहीं हुई है। किसान मोर्चा इस मांग को पूरा करवाने के लिए प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि 12 अक्टूबर को लखीमपुर में बैठक रखी गई है। जिसमें आगामी रणनीति पर विचार किया जाएगा। वहीं, 15 अक्टूबर को सरकार का पुतला जलाने व 18 अक्तूबर को छह घंटे के लिए रेल रोकने का कार्यक्रम है। इसके बाद 26 अक्टूबर को लखनऊ में महापंचायत रखी गई है। टिकैत ने कांग्रेस पार्टी की भूमिका को लेकर कहा कि वह अपना काम कर रही है और किसान अपना काम कर रहे हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS