Raksha Bandhan 2021 : रक्षाबंधन पर इस बार बाधा नहीं बनेगा भद्रा योग, जानें राखी बांधने का शुभ मुहूर्त

हरिभूमि न्यूज.भिवानी
Raksha Bandhan 2021: भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व इस बार 22 अगस्त रविवार को मनाया जाएगा। रक्षाबंधन के दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी लंबी आयु की कामना करती हैं। इस बार खास बात यह कि रक्षाबंधन पर भद्रा काल नहीं होगा, यानि इस त्योहार पर अशुभ भद्रा का साया नहीं होगा। रक्षाबंधन के दिन बहनें अपने भाइयों को पूरे दिन राखी बांध सकेंगी। पूर्णिमा की तिथि पंचांग के अनुसार पूर्णिमा 21 अगस्त शनिवार को शाम 6.10 बजे से शुरू होगी, जो 22 अगस्त की शाम 05.01 बजे तक रहेगी। इस बार राखी बांधने के लिए 12 घंटे का मुहूर्त रहेगा। 22 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन कई शुभ संयोग भी बन रहे हैं। बहुत सालों बाद पहली बार ऐसा हो रहा है कि रक्षाबंधन पर भद्रा का साया नहीं पड़ेगा। रक्षाबंधन की तैयारियों को लेकर बाजार भी सज चुके हैं।
राहु काल और भद्रा काल में राखी नहीं बांधी जाती
पंडित कृष्ण कुमार बहल वाले ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व में शुभ मुहूर्त का विशेष ध्यान रखा जाता है। रक्षाबंधन में राहु काल और भद्रा काल में राखी नहीं बांधी जाती है, क्योंकि इन दोनों ही काल को अशुभ माना गया है, लेकिन इस बार 22 अगस्त को भद्रा काल का साया नहीं होने से पूरे दिन राखी बंधेगी। पंचांग के अनुसार भद्रा काल रक्षाबंधन के अगले दिन 23 अगस्त 2021 को सुबह 5.34 बजे से सुबह 6.12 बजे तक रहेगा।
इस बार शोभन योग सुबह 6.15 से 10.35 बजे तक
पंडित के अनुसार इस बार राखी के पर्व पर शोभन योग सुबह 6.15 से 10.35 बजे तक रहेगा। शोभन योग में सवा चार घंटे तक राखी बांधना श्रेष्ठ रहेगा। इसके अलावा देव गुरू, बृहस्पति और चंद्रमा मिलकर सावन पूर्णिमा पर गजकेसरी योग भी बनाएंगे। रक्षाबंधन पर सूर्य, मंगल और बुध सिंह राशि में रहेंगे। सिंह राशि का स्वामी भी सूर्य ही है। इस राशि में उसका मित्र मंगल भी रहेगा। इस दिन शुक्र कन्या राशि में रहेगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS