नशे में हाईवोल्टेज ड्रामा करने वाली रेंज रोवर चालक युवती गिरफ्तार, झूठ बोलकर निकली घर से, फैमिली को मारी टक्कर

हरिभूमि न्यूज : अंबाला
अंबाला में नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे की आरोपी रेंज रोवर चालक लड़की के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इस हादसे में एक कार चालक की मौत हो गई है। जबकि उसकी पत्नी व बेटियों को गंभीर चोटें आई। रेंज रोवर से कार को टक्कर मारने वाली लड़की की पहचान वरियता जागलान के रूप में हुई जो पानीपत में फेस-2 सेक्टर-12 की रहने वाली है। उसके साथ रेंज रोवर में सवार दूसरी लड़की का नाम श्रेया है। नशे में धुत दोनों लड़कियों का देर रात अंबाला कैंट सिविल अस्पताल में मेडिकल कराया गया। पुलिस ने रविवार सुबह वरियता को कोर्ट में पेश करके सेंट्रल जेल भेज दिया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद आरोपी लड़की के माता-पिता अंबाला कैंट सिविल अस्पताल पहुंच गए थे। लड़की ने माता-पिता के सामने हाईवोल्टेज ड्रामा किया। परिवार ने बताया कि दोनों लड़कियां झूठ बोलकर पानीपत से अंबाला के लिए निकली थीं। लड़की की मां ने दोनों को खूब फटकार लगाई। जब लड़की ने अस्पताल पहुंचे अपने पिता से कहा कि उसे पुलिस ने मारा है तो उसके पिता का कहना था कि तूने एक फैमिली मार दी तो पुलिस तुझे क्यों नहीं मारेगी? युवक की जान लेने और उसकी पत्नी और बच्चे को घायल करने के बावजूद लड़की अपनी गलती मानने को तैयार नहीं थी।
यह था मामला
दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर स्थित मोहड़ा के पास हुई सड़क दुर्घटना में हिमाचल के पालमपुर वासी मोहित शर्मा की मौत हो गई थी, जबकि उसकी पत्नी दीप्ति शर्मा और 8 वर्षीय बेटी आरोही गंभीर रूप से जख्मी हो गई। गनीमत रही कि 9 माह का मासूम बाल-बाल बच गया। परिवार दिल्ल से पालमपुर जा रहा था। जिस वक्त यह हादसा हुआ, वे मोहड़ा अनाज मंडी के निकट सड़क किनारे गाड़ी लगाकर पानी पी रहे थे। पीछे से तेज रफ्तार आई रेंज रोवर ने उनकी गाड़ी को सीधी टक्कर मारी थी। पुलिस ने अंबाला कैंट सिविल अस्पताल में मृतक मोहित शर्मा के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। सूचना मिलने के बाद मोहित के परिजन भी देर रात ही अंबाला पहुंच गए थे। रेंज रोवर चालक युवती के खिलाफ धारा 337 व 304 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
दीप्ति ने पुलिस को यह दिया बयान
हादसे में जख्मी हुई 35 साल की दीप्ति ने बताया कि वह वह हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा के गांव राजपुर की रहने वाली है। वह पति मोहित शर्मा व बेटी आरोही व छोटी बेटी आशवी के साथ दिल्ली से अपनी गाडी में अपने गांव पालमपुर के लिए सुबह चले थे। गाड़ी उसके पति मोहित शर्मा चला रहे थे। शाहबाद से आगे मोहड़ा के पास पति मोहित शर्मा गाड़ी को रोड की साइड में नीचे की तरफ रोककर पानी पीने लगा तो इतने में ही एक गाड़ी रेंज रोवर जिसका नंबर एचआर 26एए 0001 ने उनकी कार को टक्कर मार दी। रेंज रोवर एक युवती चला रही थी। हादसे में उसके साथ पति मोहित व दोनों बेटियां बुरी तरह जख्मी हो गई। बुरी तरह जख्मी उनके पति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। गाड़ी चला रही वरियता जागलान वासी फेस-2 हुडा सेक्टर 12 पानीपत व उसके साथ बैठी लडकी श्रेया किसी नशे की हालत में दिंख रही थी। उसने बताया कि वरियता की लापरवाही से ही उसके पति की जान गई है। जबकि उसे व बेटियों को गंभीर चोटें आई।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS