Ration Depot : अब डिपो पर नए तरीके से होगा राशन का वितरण, कार्ड धारकों को होगा यह फायदा

Ration Depot : अब डिपो पर नए तरीके से होगा राशन का वितरण, कार्ड धारकों को होगा यह फायदा
X
सभी डिपो होल्डरों को विजनटेक की नई मशीन उपलब्ध करवा दी गई है। यह पहले से काफी बेहतर है। नई मशीन में कार्ड धारकों को राशन के साथ-साथ पेमेंट की रसीद भी मिलेगी।

हरिभूमि न्यूज : नारनौल

राशन डिपो पर अब उपभोक्तताओं को नई तकनीक से राशन वितरण किया जाएगा। महेंद्रगढ जिले के सभी डिपो होल्डरों को विजनटेक की नई मशीन उपलब्ध करवा दी गई है। यह पहले से काफी बेहतर है। नई मशीन में कार्ड धारकों को राशन के साथ-साथ पेमेंट की रसीद भी मिलेगी। यह प्रणाली पूरी तरह से पारदर्शी है। सभी डिपो धारक यह सुनिश्चित करें कि इस मशीन के माध्यम से ही राशन का वितरण किया जाए।

यह मशीन इंटरनेट से कनेक्ट होती है। इसमें राशन लेने वाले परिवार की पूरी डिटेल भरी हुई है। बायोमेट्रिक हाजिरी के बाद ही यह मशीन राशन वितरण दिखाएगी। इसके साथ एक छोटा प्रिंटर भी लगा हुआ है जो राशन देने के बाद कार्ड धारक को रसीद भी देगा। अगर किसी मशीन में थोड़ी बहुत परेशानी भी आती है तो संबंधित कंपनी के कर्मचारी उसे तुरंत ठीक करेंगे। सभी डिपो धारक इस बारे में तुरंत सूचना दें। हालांकि यह योजना हरियाणा के कई जिलों में पहले ही शुरू हो चुकी है।

सीएमजीजीए ने की राशन डिपो की भौतिक जांच

मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी कृतिश कुमार ने अटेली खंड के गांव सिलारपुर, अटाली, दुलोठ जाट व अटेली शहर के राशन डिपो की भौतिक जांच की। भौतिक जांच में सभी डिपो पर पूरी राशन सामग्री पाई गई। इस मौके पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग अटेली के निरीक्षक नीरज कुमार उनके साथ थे। भौतिक जांच के दौरान कुछ राशन डिपो पर रेट लिस्ट में राशन का रेट नहीं लिखा हुआ था। इसके लिए मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी ने जल्द से जल्द रेट लिस्ट लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने डिपो होल्डरों को निर्देश दिए कि राशन का वितरण समय पर करें ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े। उन्होंने कहा कि अगर किसी डिपो होल्डर को राशन से संबंधित कोई परेशानी है तो उसके बारे में अवगत करवाएं ताकि उसका समाधान करवाया जा सके। इस मौके पर विभाग के निरीक्षक नीरज कुमार ने डिपो होल्डरों को विजनटैक कम्पनी की नई मशीन के बारे में बताया कि यह मशीन पहले से काफी बेहतर है। सभी डिपो धारक इसका सही तरीके से उपयोग करें।

Tags

Next Story