युवती के साथ रिलेशनशिप को लेकर युवक की हत्या

हरिभूमि न्यूज : फतेहाबाद (रतिया)
वार्ड नंबर 10 पीरु राम कॉलोनी में देर रात्रि पुरानी रंजिश को लेकर हुए झगड़े में एक युवक का मर्डर हो गया। इसके बाद पुलिस ने मृतक युवक की माता के बयान पर कॉलोनी के ही पांच नामजद व 4-5 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही काफी संख्या में कॉलोनीवासी और मृतक के परिजन भी देर रात ही अस्पताल में पहुंच गए। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम होने तक वे अस्पताल के गेट के बाहर ही डटे रहे जिसको देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से अस्पताल के बाहर पुलिस बल का प्रबंध किया गया। पुलिस ने हमलावरों की खोजबीन के लिए बस्ती के अलावा कई अन्य जगहों पर दबिश भी दी है। पुलिस द्वारा इस मर्डर को एक युवती से रिलेशनशिप के एंगल से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
पुलिस को दी शिकायत में सरोज ने कहा है कि उसके लड़के विनोद कुमार की शादी नहला निवासी पिंकी के साथ हुई थी और उसकी एक 4 साल की लड़की है। पति-पत्नी के बीच मनमुटाव के चलते पिंकी अपने मायके रह रही है जबकि विनोद पीरूराम कालोनी रतिया निवासी सोनू के साथ रहता है। इसी को लेकर सोनू का भाई विनोद उर्फ मजनू विनोद से रंजिश रखता था। गत मंगलवार को विनोद को सोनू के भाई मजनू ने बातचीत के लिए अपने घर बुलाया था। विनोद अपने दोस्त कालू निवासी बादलगढ़ हाल अरोड़ा कालोनी रतिया के साथ मजनू के घर गए थे। सरोज ने बताया कि जब उसे इस बात का पता चला तो वह अपने देवर राजाराम को साथ लेकर मजनू के घर पहुंची। जब उसने विनोद को वापस घर चलने तो कहा तो इसी दौरान मजनू, उसके साथी पवन उर्फ ब्लैकिया निवासी वार्ड 10 रतिया, अशोकी निवासी रतिया, उसके भाई तरसेम उर्फ बच्ची व 4-5 अन्य युवकों ने विनोद व कालू पर चाकू व लोहे की पाइपों से हमला कर दिया। उसके शोर मचाने पर उक्त लोग मौके से फरार हो गए। बाद में घायल विनोद व कालू को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां चिकित्सकों ने विनोद को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही देर रात ही रतिया सिटी थाना अध्यक्ष जय भगवान अपनी टीम के साथ अस्पताल पहुंच गए और मृतक विनोद की माता सरोज के बयानों पर पांच नामजद व 4-5 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। विनोद कुमार का मर्डर होने की सूचना मिलते ही काफी संख्या में उसके साथी व परिजन भी रात को ही अस्पताल में पहुंच गए जिस कारण किसी झगड़े की आशंका को देखते हुए अस्पताल के गेट के बाहर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। बताया गया है कि मृतक युवक के खिलाफ भी रतिया थाने में लड़ाई झगड़े तथा मारपीट के कई मामले दर्ज किए गए थे।
जब इस बारे में रतिया सिटी थाना अध्यक्ष जय भगवान से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मृतक विनोद कुमार उर्फ बगलोल की माता सरोज के बयानों पर पांच नामजद व चार पांच अन्य लोगों के खिलाफ मर्डर व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में पुरानी रंजिश के अलावा बस्ती की एक युवती के साथ रिलेशनशिप की बातें भी सामने आ रही है। पुलिस द्वारा उस एंगल से भी मामले की जांच की जाएगी और मर्डर के आरोपियों को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS