Rewari : बरसात के साथ ठंड की दस्तक, नए सप्ताह में भी बरसात के आसार

Rewari : शुक्रवार को हुई हल्की बरसात से ठंड ने दस्तक देना शुरू कर दिया है। बरसात के बाद तापमान में गिरावट आई है, जिससे मौसम ठंडा होने लगा है। न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार से एक बार फिर बरसात का सिलसिला शुरू हो सकता है, जो दो से तीन दिन तक चल सकता है। इससे तापमान में और गिरावट आने की संभावना रहेगी।
बरसात के बाद शनिवार को सुबह के समय सड़कों पर घना कोहरा छाया रहा। कोहरे की विजिबिलिटी 100 मीटर तक रही। इससे वाहनों की रफ्तार मंद पड़ गई। सुबह 9 बजे तेज धूप निकलने के बाद कोहरा साफ हुआ। अधिकतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस गिरकर 24.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस कम होने के बाद 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस सीजन में न्यूनतम तापमान पहली बार इस स्तर पर आया है। दोनों तापमान गिरने के बाद असली ठंड की शुरूआत हो गई है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता के चलते सोमवार से कहीं हल्की तो कहीं तेज बरसात हो सकती है। आने वाले सप्ताह मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। मौसम का मिजाज ठंडा होने के बाद किसानों को काफी राहत मिली है। तापमान में गिरावट आने से सरसों की फसल का तेजी से विकास होगा। बरसात के कारण बिजली की मांग में भी 10 लाख यूनिट तक कमी दर्ज की गई है।
प्रदूषण की समस्या से काफी राहत
बरसात के कारण सबसे बड़ी राहत प्रदूषण की समस्या से मिली है। लगातार बढ़ रहे प्रदूषण के कारण एक्यूआई 400 तक के खतरनाक स्तर पर पहुंच गया था। बरसात के बाद इसमें काफी कमी आई है। आसमान से प्रदूषण की चादर फिलहाल हट चुकी है। एक्यूआई 158 पर आ गया। दिवाली पर्व पर होने वाली आतिशबाजी एक बार फिर प्रदूषण के खतरे को बढ़ा चुकी है। प्रशासन ने पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल पर रोक लगाई हुई है, परंतु इसके बावजूद आतिशबाजी होने की पूरी संभावना है।
यह भी पढ़ें -CIA ने सुलझाई हत्या की गुत्थी : दामाद ने सुपारी देकर कराई थी ससुर की हत्या
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS