भारत बंद पर किसान यूनियनों में दरार : चढूनी गुट ने बनाई दूरी, सोशल मीडिया पर मैसेज जारी कर कही ऐसी बात

भारत बंद पर किसान यूनियनों में दरार : चढूनी गुट ने बनाई दूरी, सोशल मीडिया पर मैसेज जारी कर कही ऐसी बात
X
संयुक्त किसान मोर्चा ने 31 जुलाई को लंबित मांगों को लेकर भारत बंद करने का ऐलान किया है। इसको लेकर किसान नेशनल हाईवे पर सुबह 11 से शाम 3 बजे तक 4 घंटे धरना देकर चक्का जाम करेंगे। चढूनी ने चढूनी ने मोर्चा की ओर से बुलाए गए भारत बंद में हिस्सेदारी करने से साफ मना कर दिया है।

हरिभूमि न्यूज : अंबाला

न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी समेत अन्य लंबित मांगों को लेकर अब संयुक्त किसान मोर्चा व भारतीय किसान यूनियन चढूनी गुट में दरार पड़ गई है। संयुक्त किसान मोर्चा ने 31 जुलाई को लंबित मांगों को लेकर भारत बंद करने का ऐलान किया है। इसको लेकर किसान नेशनल हाईवे पर सुबह 11 से शाम 3 बजे तक 4 घंटे धरना देकर चक्का जाम करेंगे। चढूनी ने चढूनी ने मोर्चा की ओर से बुलाए गए भारत बंद में हिस्सेदारी करने से साफ मना कर दिया है। यूनियन से जुड़े पदाधिकारियों को भी एक संदेश भेजकर कहा गया है कि कोई भी उसमें हिस्सेदारी न करे। अगर किसी पर इस दौरान केस दर्ज होगा तो उसकी यूनियन की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी। वहीं भारत बंद को सफल बनाने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े किसान नेता गांव में डोर-टू-डोर जाकर किसानों को जागरूक कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर शेयर किया संदेश

सोशल मीडिया पर चढूनी ग्रुप की ओर से से मैसेज शेयर कर भारत बंद से दूरी बनाने का निर्णय लिया गया है। यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा है कि संयुक्त किसान मोर्चा ने 31 जुलाई को भारत बंद की कॉल दी है। उसमें उनकी यूनियन का कोई भी किसान हिस्सा नहीं लेगा। उनकी यूनियन को एसकेएम से बाहर रखा गया है। अगर इस दिन कोई दंगा या केस बनते हैं तो एसकेएम का वार सीधा चढूनी ग्रुप पर होगा इसलिए उनकी यूनियन बंद के कार्यक्रम से दूर रहेगी। उन्होंने कहा कि अगर इस दौरान किसी भी किसान पर कोई केस दर्ज होता है तो उनकी यूनियन की जिम्मेदारी नहीं होगी।

पहले दी जाएगी उधम सिंह को श्रद्धांजलि

वहीं संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर बुलाए गए भारत बंद के दौरान शहीद उधम सिंह को सबसे पहले श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद ही नेशनल हाईवे जाम रखने का ऐलान किया जाएगा। इसको लेकर शहीद भगत सिंह भारतीय किसान यूनियन समेत अन्य ग्रुप सभी टोल पर किसानों को भारी संख्या में पहुंचने का आग्रह कर रहे हैं। शहीद उधम सिंह यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष अमरजीत सिंह मोहड़ी ने कहा कि जाम से पहले शहीद उधम सिंह को श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम होगा। इसके बाद सुबह 11 से 3 बजे तक चक्का जाम किया जाएगा। चक्का जाम के दौरान सिर्फ आपातकालीन स्थिति के लिए छूट दी जाएगी। नेताओं ने भी जनता से चक्का जाम में सहयोग करने की अपील की है।

पुलिस कर रही जरुरी बंदोबस्त

किसानों की ओर से बुलाए गए बंद को लेकर अब पुलिस की ओर से भी जरुरी बंदोबस्त किए जा रहे हैं। इसके लिए जवानों को जरुरी निर्देश दिए गए हैं। शंभू टोल प्लाजा पर पुख्ता बंदोबस्त किए जा रहे हैं। किसानों को बंद के दौरान तोड़फोड़ व उपद्रव न करने की भी सलाह दी जा रही है। साफ कहा कि अगर किसी किसान ने इस दौरान सरकारी व गैर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शहीद उधम सिंह किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष अमरजीत मोहड़ी ने कहा कि बंद चार घंटे तक शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर विरोध कर रहे हैं। आश्वासन के बावजूद अभी तक केंद्र सरकार ने उनकी मांगों पर विचार नहीं किया है। इसी वजह से उन्हें दोबारा सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।

Tags

Next Story