Roadways Strike : फतेहाबाद में प्रशासन के तमाम हथकंडों के बावजूद कर्मचारियों ने बसें नहीं चलाई

Roadways Strike : फतेहाबाद में प्रशासन के तमाम हथकंडों के बावजूद कर्मचारियों ने बसें नहीं चलाई
X
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि प्रदेश व देश में हुई ऐतिहासिक हड़ताल से सबक लेकर सरकार कर्मचारी व जनविरोधी नीतियों पर रोक लगाए। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि प्रदेश के 16000 रोडवेज कर्मचारियों ने हड़ताल कर बसों का चक्का जाम किया।

फतेहाबाद : केंद्रीय ट्रेड यूनियनों, कर्मचारी संघों व हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के आह्वान पर आज रोडवेज कर्मचारियों ने हड़ताल कर बसों का चक्का जाम किया। प्रशासन तमाम हथकंडों के बावजूद रोडवेज की कोई बस नहीं चलवा पाया। हड़ताल के दौरान रोडवेज कर्मचारियों ने बस स्टैण्ड का गेट बंद कर धरना दिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रोष जताया।

हड़ताली कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के वरिष्ठ नेता सरबत सिंह पूनिया, सुभाष बिश्नोई, सतेंद्र, संदीप जांडली, अनिल भाटिया, शिवकुमार श्योराण व अशोक कुमार ने कहा कि निजीकरण पर रोक लगाने, पुरानी पेंशन बहाली, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, खाली पदों पर पक्की भर्ती करने आदि मांगों को लेकर हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों ने एकजुट होकर 28 और 29 मार्च की हड़ताल के पहले दिन डिपो कर्मचारियों द्वारा अभूतपूर्व व ऐतिहासिक हड़ताल कर सभी बसों का चक्का जाम किया गया। प्रशासन सभी हथकंडों के बाद रोडवेज कर्मचारियों से बसें नहीं चलवा पाया। सभी चालक, परिचालक, कार्यालय स्टाफ, निरीक्षक, कर्मशाला कर्मचारी, सभी ब्रांचों में कार्यरत कर्मचारी हड़ताल पर रहे। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि प्रदेश व देश में हुई ऐतिहासिक हड़ताल से सबक लेकर सरकार कर्मचारी व जनविरोधी नीतियों पर रोक लगाए। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि प्रदेश के 16000 रोडवेज कर्मचारियों ने हड़ताल कर बसों का चक्का जाम किया।

कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए ईश्वर सहारण, सुबे सिंह धनाणा, राजू बिश्नोई, रिसाल, राजेश, सुनील, नरेश कुमार, राजेंद्र फौजी, रामनिवास जांगड़ा, रिछपाल सोनी, कुलदीप मलिक, कुलदीप पाबड़ा, जगदीश पूनिया, निहाल सिंह मताना, जोगिंदर सिंह भ्याणा, मुन्शी राम, भूप सिंह भडोलावाली, बेगराज, सुरजीत दुसाद, मास्टर राजपाल मित्ताथल आदि नेताओं ने सरकार की कर्मचारी व जनविरोधी नीतियों की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा 29 मार्च को भी हरियाणा रोडवेज कर्मचारी पूर्ण हड़ताल पर रहेंगे।

Tags

Next Story