रोहतक अखाड़ा हत्याकांड : 6 लाेगों की हत्या में सुखवेंद्र और मनोज पर आरोप तय, अब गवाही होंगी शुरू, यह था पूरा मामला

रोहतक के अखाड़े में हुए खूनी नरसंहार के मामले में शुक्रवार को दोनों आरोपियों सुखवेंद्र और मनोज पर आरोप तय हो गए। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डा. गगनगीत कौर की कोर्ट में सुनवाई हुई। मुख्य आरोपित कोच सुखवेंद्र और उसके साथी यूपी के मुजफ्फरनगर निवासी मनोज को कोर्ट में पेश किया गया। दोनों आरोपितों को कड़ी सुरक्षा के बीच एंबुलेंस में कोर्ट में लाया गया। इनकी पेशी के दौरान सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए थे।
सुखवेंद्र की तरफ से अधिवक्ता गौरव ढुल और शिकायतकर्ता पक्ष की तरफ से अधिवक्ता जय हुड्डा कोर्ट में पेश हुए। दोनों अधिवक्ताओं ने अपनी दलील कोर्ट में पेश की। पहले तीन तारीखों से आरोप पर बहस हो रही थी, जिसके बाद दोनों आरोपितों पर आरोप तय हो गए। सुखवेंद्र पर हत्या, हत्या का प्रयास और अवैध हथियार समेत अन्य धारा में आरोप तय हुए हैं, जबकि मनोज पर साजिश में शामिल होने और अवैध हथियार की धाराओं में आरोप लगाए गए हैं। इस मामले में अब गवाही शुरू हुई, जिसके लिए कोर्ट ने 31 जनवरी की तारीख दी है। इसी दिन मामले में पहली गवाही होनी है।
यह था मामला
12 फरवरी 2021 को कालेज के अखाड़े में शाम के समय नर संहार किया गया था। सोनीपत के बरौदा गांव निवासी कुश्ती कोच सुखवेंद्र ने एक-एक कर डीपी मनोज, उसकी पत्नी साक्षी, कोच प्रदीप उर्फ फौजी, कोच सतीश, पहलवान पूजा, मनोज व साक्षी के तीन वर्षीय बेटे सरताज व कोच अमरजीत को गोली मारी थी। इसमें अमरजीत बच गया था। जबकि बाकी की मौत हो गई थी। दूसरे ही दिन आरोपित सुखवेंद्र को दिल्ली पुलिस की टीम ने गिरफ्तार कर लिया था। पीजीआई थाना पुलिस की तरफ से चार्जशीट आठ अप्रैल को कोर्ट में पेश कर दी गई थी। इसमें करीबन 63 लोगों को गवाह बनाया गया है। सुखवेंद्र और हत्याकांड में प्रयोग किए गए हथियार सप्लाई करने वाला आरोपित यूपी निवासी मनोज भी जेल में बंद है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS