राेहतक के अंतिम स्वतंत्रता सेनानी का 100 वर्ष की आयु में निधन, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

राेहतक के अंतिम स्वतंत्रता सेनानी का 100 वर्ष की आयु में निधन, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
X
भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ के मौके पर अगस्त 2020 में उमराव सिंह यादव को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की ओर से सम्मान पत्र व शॉल भेजा गया था। जिला प्रशासन की ओर से रोहतक के उपमंडलाधीश राकेश कुमार स्वतंत्रता सेनानी के अंतिम संस्कार में शामिल हुए।

रोहतक जिले के एकमात्र जीवित स्वतंत्रता सेनानी और आजाद हिंद फौज के सिपाही रहे 100 वर्षीय उमराव सिंह यादव का उनके पैतृक गांव निंगाना में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जिला प्रशासन की ओर से रोहतक के उपमंडलाधीश राकेश कुमार स्वतंत्रता सेनानी के अंतिम संस्कार में शामिल हुए तथा स्वतंत्रता सेनानी के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र भेंट कर श्रद्घांजलि दी तथा परिजनों को राष्ट्रीय ध्वज सौंपा।

स्वतंत्रता सेनानी उमराव सिंह यादव के निधन की खबर सुनकर आसपास के गांव में शोक की लहर दौड़ गई तथा उनके अंतिम संस्कार में ग्रामीणों के अलावा विभिन्न धार्मिक व राजनीतिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी उन्हें श्रद्घांजलि दी। भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ के मौके पर अगस्त 2020 में उमराव सिंह यादव को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की ओर से सम्मान पत्र व शॉल भेजा गया था। उस समय उपमंडलाधीश राकेश कुमार ने खुद निगाना गांव में जाकर स्वतंत्रता सेनानी को सम्मानित किया था और राष्ट्रपति का संदेश दिया था।


आजाद हिंद फौज में 1941 में भर्ती हुए

गौरतलब है कि स्वतंत्रता सेनानी स्व. उमराव सिंह यादव नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की आजाद हिंद फौज में 1941 में भर्ती हुए और उनके साथ-साथ कंधे से कंधा मिला कर विश्व युद्ध के दौरान सिंगापुर, जापान और बर्मा सहित कई देशों में लड़ाई लड़ी। गत दिनों उमराव सिंह यादव ने अपने अनुभव सांझा करते हुए बताया था कि अगर अमेरिका अंग्रेजों के साथ मिलकर जापान पर 2 दिन और एटम बम से हमला नहीं करता तो भारत को 2 साल पहले ही आजादी मिल गई होती। यही नहीं भारत से पाकिस्तान का टुकड़ा भी अलग नहीं होता। आजाद हिंद फौज से अंग्रेज इतने घबराए कि उन्होंने 2 साल पहले ही भारत छोडऩे की तैयारी कर दी थी क्योंकि सुभाष चंद्र बोस की आजाद हिंद फौज बर्मा के रास्ते से होते हुए असम तक पहुंच गई थी, लेकिन जापान पर गिरे बम की घटना के बाद आजाद हिंद फौज को वापस लौटना पड़ा।

Tags

Next Story