रोहतक नगर निगम ने तीन महीने में वसूले पांच करोड़, अब ये है लक्ष्य...

Rohtak News : नगर निगम रोहतक के लिए प्रॉपर्टी आईडी (Property ID) की त्रुटियां जी का जंजाल साबित हो रही हैं। लेकिन इसके बावजूद नगर निगम (Nagar Nigam) उपभोक्ताओं से ज्यादा से ज्यादा बिल भरवाने में कामयाब रहा। अप्रैल से जून माह तक निगम ने करीब पांच करोड़ की रिकवरी की। लोगों ने प्रॉपर्टी टैक्स और विकास कर के लिए यह भुगतान किया। निगम का लक्ष्य है कि 31 जुलाई तक वह अधिकतर बकाया बिलों का भुगतान करवा लें। इसके लिए लोगों को बिल भरने पर दस प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है। साथ ही पुराने बिल के ब्याज पर छूट भी दी जा रही है। इसके अलावा प्राइवेट कंपनी के कर्मचारियों द्वारा घर घर जाकर प्रॉपर्टी आईडी के बिल वितरण का काम भी शुरू किया गया है।
काउंटर पर प्रॉपर्टी टैक्स के बिल की त्रुटि ठीक करवाने व इंटीग्रेशन का कार्य बिना किसी शुल्क के किया जा रहा है। साथ ही नगर निगम आयुक्त अजय कुमार ने लोगों से अपील की है कि किसी प्रकार की त्रुटियां ठीक करवाने के लिए या प्रॉपर्टी टैक्स के रिकॉर्ड को दुरुस्त करने के लिए पैसे न दें। नगर निगम कार्यालय में यह कार्य निशुल्क किया जाएगा।
बता दें कि प्रदेश सरकार ने वर्तमान वित्त वर्ष में प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने पर 31 जुलाई तक 10% की छूट दी है। प्रॉपर्टी टैक्स के बकायादारों को राहत देते हुए 31 जुलाई तक का समय दिया गया है। वे इस राहत का फायदा उठा सकते हैं और संपत्ति कर और विकास कर को जमा भी करवा सकते हैं। इसके अलावा पुराने बिल के ब्याज पर भी छूट दी गई है। वर्ष 2010-11 से लेकर 2022-23 तक देरी फीस की ब्याज राशि पर 30 प्रतिशत की छूट दी गई है।
दो दिन के कैंप से नहीं हुआ समाधान
निगम ने लोगों के प्रॉपर्टी आईडी बिल ठीक करने के लिए दो दिन तक कैंप लगाए। जहां 22 वार्ड के लोगों के बिल ठीक किए गए, लेकिन पहले दिन केवल 159 शिकायतें आई जबकि दूसरे दिन केवल 331 शिकायतें आई। इतने लोग तो नगर निगम में दो से तीन दिन में बिल ठीक करवाने के लिए आ जाते हैं। दो दिन के कैंप से समस्या का समाधान नहीं हो पाया।
जनता दरबार में सबसे ज्यादा शिकायतें
मेयर मनमोहन गोयल जब भी नगर निगम में जनता दरबार लगाते हैं तो सबसे ज्यादा शिकायतें प्रॉपर्टी आईडी के बिलों को ठीक करने के लिए आती हैं। कई फरियादी तो दो-दो साल से अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। हर मीटिंग में पार्षद भी प्रॉपर्टी आईडी में बार बार की जा रही त्रुटियों को लेकर आवाज उठाते रहते हैं। इसके बावजूद शहर में आधे से ज्यादा आबादी के बिल गलत बने हुए हैं।
लोगों को कर रहे जागरूक
प्राइवेट कंपनी बिल वितरण का काम कर रही है। लोगों के घरों, दुकानों, फैक्ट्री में बिल बांटे जा रहे हैं। इस दौरान लोगों को भी प्रॉपर्टी टैक्स भरने के लिए जागरूक किया जा रहा है। लोगों को बिल जमा करवाने में छूट भी दी जा रही है। -मनमोहन गोयल, मेयर
ये भी पढ़ें- स्मार्ट कार्ड खत्म, डीएल व आरसी के लिए एसडीएम कार्यालय में चक्कर काट रहे लोग
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS