Rohtak Murder Case : तारा होटल संचालक पिता और मां की हत्या करने वाले बेटे ने किए बड़े खुलासे

हरिभूमि न्यूज : रोहतक
तारा होटल संचालक पिता और मां की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपित तरूण का तीन दिन का रिमांड खत्म हो गया। इस दौरान पुलिस उसे बुधवार को साथ लेकर उसके जनता कालोनी स्थित मकान पर पहुंची। जहां करीब दो घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान मर्डर सीन को रिक्रिएट किया गया। इस दौरान आरोपित ने पुलिस के समक्ष खुलासा किया कि उसने वारदात के लिए करीब साढ़े तीन बजे का समय चुना। इस दौरान इंसान ज्यादा गहरी नींद में होता है। उसने पहले अपनी पत्नी के कमरे की कुंडी बाहर से लगा दी। इसके बाद वह माता पिता के कमरे में नीचे आया। जहां दोनों सो रहे थे। उसने देशी पिस्तौल से पहले मां को गोली मारी। इसके बाद उसने पिता के सिर में गोली मारी। फिर दोनों देशी पिस्तौल को कपड़े में लपेट कर स्टोर रूम में रखी अलमारी में छिपा दिया।
इसके बाद स्टोर बंद कर दिया। फिर वह पैदल ही फरार हो गया था। वह हरिद्वार जा पहुंंचा और वापस आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने रिमांड पर लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि कुछ तो उस पर नशे और जुए की वजह से लाखों का कर्ज हो गया था। इसके अलावा वह इस बात से भी तंग आ चुका था कि उसे रोजाना परिवार से ही खर्चे के लिए रुपये मांगने पड़ते थे। रुपये मांगने के दौरान उसका पिता से झगड़ा हाेता था। वह प्रॉपर्टी और होटल अपने नाम करवाना चाहता था। ताकि इनसे अपना कर्ज उतार कर शौक पूरे कर सके। इन सभी वजहों की वजह से उसने हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपित को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
मामले के अनुसार, 23 जुलाई की सुबह करीब चार बजे पुलिस को गोलीकांड की सूचना मिली। सूचना मृतक के बेटे तरूण की पत्नी ने ही पुलिस को दी थी। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर नीचे कमरे से चंद्रभान और उसकी पत्नी निशा के शव बरामद किए। दोनों के सिर में गोली मारी गई थी। चंद्रभान की बेटी चांदनी की शिकायत पर उसके भाई तरूण के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया। शिकायत में बताया कि चांदनी के माता-पिता जनता कालोनी में परिवार के साथ रहते थे। चांदनी की शादी 4 साल पहले चिराग निवासी लुधियाना के साथ हुई है। चंद्रभान के बेटे तरुण की शादी सोनिया के साथ हुई जो 2019 में अपनी पत्नी व बच्चों के साथ बाहर रहने लगा था। करीब एक साल पहले चंद्रभान का बेटा घर आकर रहने रहा। चंद्रभान ने जनता कालोनी में तारा होटल बनाया हुआ है। तरुण अपने नाम प्रॉपर्टी करवाने के लिए माता-पिता, चांदनी व उसके पति पर दबाब बनाता था। वह बार- बार माता-पिता को गोली मारने की धमकी देता था। पुलिस ने आरोपित को रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर किया था। इस दौरान एएसपी कृष्ण लोहचब ने खुलासा किया था कि आरोपित नशे का आदी है और उस पर कर्ज है। वह प्रॉपर्टी अपने नाम करवाना चाहता था। इस वजह से उसने दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया था।
हथियारों को लेकर किया गुमराह
तरूण ने हथियारों की बरामदगी को लेकर पुलिस को काफी गुमराह किया। पुलिस शुरू में उसे हरिद्वार के चंडीघाट पर लेकर पहुंची, लेकिन हथियार बरामद नहीं हो सके। पुलिस उसे रोहतक लेकर आई और फिर उसने मकान में ही हथियार रखने की बात बताई। वह पुलिस के सामने अलग अलग बयान देकर गुमराह करता रहा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS