डीईओ ऑफिस में भिड़े स्कूल प्राचार्य और महिला क्लर्क, दोनों में जमकर चले थप्पड़, जानिए क्या था विवाद

हरिभूमि न्यूज : सोनीपत
सोनीपत के जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में शुक्रवार दोपहर को उस समय हंगामा हो गया, जब एक स्कूल के प्राचार्य और स्कूल की महिला क्लर्क के बीच झगड़ा हो गया। महिला के साथ उसके परिजन भी थे। झगड़े के चलते दोनों पक्षों के बीच हाथापाई भी हो गई, हालांकि कार्यालय के स्टाफ ने बीच-बचाव किया। इसके बाद पुलिस को दोनों पक्षों ने शिकायत दी है। महिला क्लर्क ने छेड़छाड़ और मारपीट की शिकायत दी है, वहीं प्राचार्य की तरफ से भी मारपीट की शिकायत दी गई है। बताया जा रहा है कि इन दोनों के बीच विवाद काफी समय से चल रहा है। जिसके चलते एक मामला अदालत में भी विचाराधीन है।
जानकारी के अनुसार खरखौदा उपमंडल में स्थित राजकीय स्कूल के प्राचार्य अनिल कुमार ने बताया कि वह स्कूल की जरूरी डाक लेकर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में आया था। जहां पर स्कूल की महिला क्लर्क अपने पति और बेटे के साथ कार्यालय में पहले से ही मौजूद थी। कार्यालय में ही महिला क्लर्क के साथ कहासुनी हो गई। कहासुनी के दौरान ही दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी शुरू हो गई। उस समय जिला शिक्षा अधिकारी भी कार्यालय में ही मौजूद थी। मारपीट के चलते कार्यालय में कार्यरत स्टाफ ने किसी तरह से बीच-बचाव किया। इसके उपरांत दोनों पक्षों ने पुलिस को शिकायत दी है।
दोनों पक्षों ने लगाए ये आरोप
प्राचार्य अनिल कुमार ने आरोप लगाया कि महिला क्लर्क नियमित रूप से स्कूल में नहीं आती। इसकी लिखित शिकायत अधिकारी से की हुई है। आरोपित महिला के खिलाफ विभागीय स्तर पर जांच भी चल रही है। प्राचार्य का आरोप है कि जिला शिक्षा अधिकारी भी उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। झगड़ा होने की सूचना मिलने पर वह भी कार्यालय से बाहर आई, लेकिन उसने भी उसे नहीं छुड़वाया। दूसरी ओर महिला क्लर्क ने आरोप लगाया कि प्राचार्य ने द्वेषपूर्ण उसकी पांच माह की तनख्वाह रोक रखी है। इसी वजह से अदालत में भी केस चल रहा है। महिला क्लर्क ने आरोप लगाया कि वे जिला शिक्षा अधिकारी के पास न्याय की गुहार लगाने गए थे, लेकिन प्राचार्य ने छेड़छाड़ की और मारपीट की।
दोनों पक्षों की तरफ से शिकायत मिली
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में दो पक्षों के बीच झगड़ा होने सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस टीम को कार्यालय में भेज दिया था। दोनों पक्षों की तरफ से शिकायत मिली है। जिस पर जांच शुरू कर दी है। घटना के समय कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों से भी घटना के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। - रविंद्र कुमार, प्रभारी, सेक्टर-27 थाना, सोनीपत।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS