महेंद्रगढ़ रेलवे ओवरब्रिज के साथ दूसरा फ्लाइओवर बनेगा

महेंद्रगढ़ रेलवे ओवरब्रिज के साथ दूसरा फ्लाइओवर बनेगा
X
भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल की नारनौल जल अधिकार रैली में यह मांग रखी थी।

महेंद्रगढ़ : क्षेत्र के भरपूर विकास व लोगों की सुविधा को लेकर सरकार द्वारा शीघ्र महेंद्रगढ़-दादरी सड़क मार्ग को फोरलेन किया जाएगा। बीते रोज इसके लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। करीब 53 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग के निर्माण पर 298 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। महेंद्रगढ़ रेलवे ओवरब्रिज के साथ दूसरा फ्लाइओवर बनेगा,जिससे इस मार्ग का आवागमन और सुगम होगा।

उक्त बातें हरियाणा भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने प्रेस में जारी बयान में कही। प्रो. शर्मा ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल की नारनौल जल अधिकार रैली में यह मांग रखी थी। साथ ही 23 अक्टूबर को सीएम के उनके विधानसभा क्षेत्र महेंद्रगढ़ में माधोगढ़ किले के पुनर्निर्माण निरीक्षण के समय भी आईएमटी खुड़ाना व दादरी-महेंद्रगढ़ सड़क निर्माण की मांग रखी थी। जिस पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने आईएमटी खुड़ाना के कार्य में तेजी लाने के लिए तीन नवंबर को चंडीगढ़ में आईएमटी खुड़ाना से संबंधित अधिकारियों को बुलाकर दिशा-निर्देश दिए थे, वहीं उनके अनुरोध पर दादरी-महेंद्रगढ़ सड़क निर्माण के लिए 298 करोड़ रुपये के टेंडर जारी कर दिए हैं। उक्त सड़क निर्माण के साथ ही गांव नांगल सिरोही का बाइपास बनाया जाएगा। इसके लिए वे स्वयं व महेंद्रगढ़ की जनता की तरफ से सीएम मनोहर लाल का आभार व्यक्त करते हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्वयं माधोगढ़ में जनता को आश्वास्त किया था कि बेशक रामबिलास शर्मा चुनाव हार गए हैं, पर महेंद्रगढ़ को विकास में पिछडने नहीं दिया जाएगा। उनके द्वारा रखी गई मांगों को सरकार द्वारा प्राथमिकता पर समाधान करेगी।

Tags

Next Story