कोरोना की दूसरी लहर : हरियाणा में छह लोगों की मौत के साथ आंकड़ा पहुंचा 3110

कोविड-19 प्रदेश के कई जिलों में लगातार बेकाबू होता जा रहा है। करनाल, कुरुक्षेत्र, गुरुग्राम, यमुनानगर अंबाला, फरीदाबाद, पानीपत आदि जिलों में एक बार फिर से लगातार संक्रमण के नए मामले सामने आ रहे हैं। बुधवार को भी प्रदेशभर में 981 नए पॉजिटिव केस मिले हैं। जबकि छह लोगों की मौत हो गई है। वहीं 379 मरीज स्वस्थ होकर घर के लिए डिस्चार्ज कर दिए गए। वहीं कोरोना से प्रदेशभर में अब तक 3110 मरीजों की मौत हाे चुकी है, जबकि 6745 एक्टिव मामले हैं। प्रदेश में 282569 कुल संक्रमित हैं।
प्रतिदिन स्कूलों में विद्यार्थी पॉजिटिव मिल रहे
वहीं प्रदेश में एक मार्च से पहली और दूसरी क्लास के बच्चों के लिए स्कूल खोले गए हैं। प्रदेश में पिछले साल मार्च में लॉकडाउन के कारण स्कूलों को बंद किया गया था। इसके करीब एक साल बाद सभी कक्षाएं दोबारा शुरू हो गईं हैं। यहां तीसरी से 5वीं तक की पढ़ाई 24 फरवरी से शुरू हो चुकी है। प्रदेश के सभी स्कूल खुलने के कारण कोरोना संक्रमण ने स्कूलों की ओर अपना रुख कर लिया है। प्रतिदिन स्कूलों में विद्यार्थी पॉजिटिव मिल रहे हैं। ऐसे में अभिभावकों को भी अपने बच्चों को लेकर चिंता होने लगी है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि वैक्सीन सुरक्षित है इसे सभी लगवाएं।
दूसरी ओर बुधवार को कुरुक्षेत्र में अलग-अलग स्कूलों के 9 छात्र पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं, एक डॉक्टर, एक वकील और फ्रांस से आए एक युवक में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। अकेले कुरुक्षेत्र में कुल 76 मरीज सामने आए हैं। गुरुग्राम में सबसे ज्यादा 186, अंबाला में 146, करनाल में 126 केस मिले हैं। हिसार में कोरोना महामारी के कारण एक वृद्धा की मौत हो गई है। जींद में 14, यमुनानगर में 73 और सोनीपत में 29 नए मरीज मिले हैं। प्रदेश सरकार का जोर टेस्टिंग और ट्रैकिंग पर है। बुधवार को मिले सभी संक्रमितों को क्वारंटीन कर दिया गया है। सभी पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS