Selja बोलीं : देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सरकार ने अपने घर में ही किया प्रताड़ित

- केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल
- प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर रसोई गैस के सिलेंडर के दाम कम करने का दावा
Yamunanagar : पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी शैलजा (Kumari Selja) ने कहा कि देश और प्रदेश की परिस्थितियां वर्तमान में क्या चल रही हैं, वह किसी से छिपी नहीं हैं। आज देश के ऐसे हालात हो गए हैं कि विश्व भर में देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को अपने घर में ही प्रताड़ित किया जा रहा है। केंद्र सरकार (Central Government) की जनविरोधी नीतियों के प्रति आवाज उठाए जाने पर विपक्ष को बोलने नहीं दिया जा रहा। मगर कांग्रेस और उनके नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) केंद्र की जनविरोधी नीतियों की डटकर आवाज उठाते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि देश में भाईचारे का संदेश देने के लिए गत जनवरी में कन्या कुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाली गई, जिसे देश भर में जनता का आपार जनसमर्थन मिला। उसे देखकर भाजपा बौखला गई। राहुल गांधी ने बड़े उद्योपतियों के कारोबार पर संसद (Parliament) में सवाल उठाने का प्रयास किया तो उन्हें बोलने तक नहीं दिया गया। स्वतंत्रता संग्राम में कांग्रेस का बहुत बड़ा योगदान रहा है। आज विपक्ष और मीडिया की आवाज को दबाया जा रहा है। देश के खिलाड़ी इंसाफ के लिए जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, मगर उन्हें इंसाफ नहीं मिल रहा है और भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह का बचाव किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार ने सबका साथ सबका विकास, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसे नारे तो दिए, लेकिन धरातल पर इसकी सच्चाई आज जनता के सामने है। विकास का काम सिर्फ कागजों में हुआ है। प्रदेश में आज किसान, व्यापारी, मजदूर, कर्मचारी, युवा समेत हर वर्ग सरकार से परेशान हो चुका है। आने वाले 2024 के आम चुनाव में सरकार का जाना तय है। प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वयं खेल मंत्री का पक्ष लेकर उसका बचाव कर रहे हैं तो बेटियों को इंसाफ कहां से मिलेगा। यह सारा देश देख रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की एक अपनी विचारधारा है और कांग्रेस का हर कार्यकर्ता पार्टी के झंडे के नीचे खड़ा है। कोई भी पार्टी से ऊपर नहीं हो सकता। पार्टी बड़ी है और छोटा-मोटा मनभेद तो जरूर हो सकता है, लेकिन कांग्रेस की नीतियों को लेकर हर कार्यकर्ता एकजुट है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आगामी चुनाव कांग्रेस अकेले अपने बलबूते पर लड़ेगी और अगर कोई गठबंधन की संभावना होगी तो इसका निर्णय शीर्ष नेता करेंगे। जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां पर रसोई गैस का सिलेंडर 500 रुपए में दिया जा रहा है तो यहां क्यों नहीं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS