सैलजा बोलीं- करनाल में भाजपा सरकार के दमनचक्र की मिसाल देखने काे मिली

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष सैलजा ने कहा कि करनाल में पुलिस द्वारा किसानों पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया जाना बेहद शर्मनाक व निदंनीय है। वह इसकी कठोर शब्दों में निंदा करती हैं। कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा सरकार का अन्नदाताओं के साथ यह व्यवहार बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
सैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अन्नदाता के साथ है। कांग्रेस के समय में कभी अन्नदाता के साथ ऐसा छल नहीं हुआ। आज करनाल में भाजपा सरकार के दमनचक्र की एक और मिसाल देखी गई। खुद ड्यूटी मैजिस्ट्रेट खड़े होकर ये कहे कि उनके सर फोड़ देना। क्या ये लोकतंत्र में अच्छी मिसाल कायम करता है? सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार जिस प्रकार से हमारे किसान, मजदूर के साथ लगातार ऐसे अत्याचार कर रही है, आने वाले वक्त में हरियाणावासी इसे बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेंगे। सैलजा ने कहा कि कृषि विरोधी काले कानूनों के खिलाफ नौ महीने से आंदोलनरत किसानों की बात सुनना तो दूर, किसानों की आवाज दबाने के प्रयास पिछ्ले लंबे समय से सरकार द्वारा किए जा रहे हैं। केंद्र और हरियाणा प्रदेश की सरकार सत्ता के अहंकार में पूरी तरह से चूर है। शांतिपूर्ण तरीके से अपने हकों की लड़ाई लड़ रहे किसानों की आवाज को पुलिस का सहारा लेकर दबाया जा रहा है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि देश का किसान इस सरकार के षड्यंत्र को पहचान चुका है और लाठी-डंडों से वह अब पीछे नहीं हटने वाला है। कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ, मजदूरों के साथ कंधे से कंधा मिला कर चलती रहेगी। सरकार हठधर्मिता त्यागकर काले कानून तुरंत निरस्त करे और फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी का कानून बनाए।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS