शर्मनाक : बहादुरगढ़ में एक सौतेले पिता पर बेटी का यौन शोषण करने का लगा आरोप

शर्मनाक : बहादुरगढ़ में एक सौतेले पिता पर बेटी का यौन शोषण करने का लगा आरोप
X
सौतेले पिता की करतूत से परेशान होकर बेटी घर से भागी, तो इस मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपित पिता पर पोक्सो, दुष्कर्म व धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं के तहत सेक्टर-6 थाने में केस दर्ज किया है।

बहादुरगढ़ : शहर में रिश्तों को कलंकित करने का एक और मामला सामने आया है। यहां एक सौतेले पिता ने अपनी बेटी को हवस का शिकार बना लिया। सौतेले पिता की करतूत से परेशान होकर बेटी घर से भागी, तो इस मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपित पिता पर पोक्सो, दुष्कर्म व धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं के तहत सेक्टर-6 थाने में केस दर्ज किया है। अभी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पीड़िता नाबालिग है और 11वीं कक्षा में पढ़ती है। वह मूल रूप से मध्यप्रदेश की निवासी है। हाल ही में वह घर से स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर तलाश की गुहार लगाई। पुलिस ने जैसे-तैसे पीड़िता को तलाशा। इस दौरान पूछताछ हुई, तो छात्रा ने पुलिस के सामने आपबीती सुनाई।

जानकारी के अनुसार, पति के देहांत के बाद पीड़िता की मां ने श्याम लाल नाम के एक शख्स से विवाह कर लिया था। श्याम लाल बहादुरगढ़ में सेक्टर-6 थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहता है। आरोप है कि पिछले करीब दो-तीन साल से वह अपनी बेटी के साथ दुष्कर्म कर रहा था और जान से मारने की धमकी देता था। बीते सोमवार 20 फरवरी की रात को भी आरोपित ने उसे हवस का शिकार बनाया। सौतेले पिता की करतूतों से परेशान होकर अगले ही दिन पीड़िता स्कूल के लिए घर से निकली तो सही, लेकिन वापस नहीं आई और जब पुलिस को मिली तो अपना दर्द बयां कर डाला।

छात्रा की शिकायत को पुलिस ने भी गंभीरता से लिया है। पीड़िता की काउंसलिंग और मेडिकल करवाया गया है। बयान के आधार पर आरोपित सौतेले पिता पर पोक्सो एक्ट, दुष्कर्म और धमकी देने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कहा है कि छात्रा के आरोप कितने सही हैं, ये अभी जांच का विषय है। बहादुरगढ़ में इससे पहले भी इस तरह के मामले लगातार सामने आते रहे हैं। ये वारदात रिश्तों को कलंकित कर रहे हैं। सामाजिक ताने-बाने को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं।

एक लड़की ने अपने सौतेले पिता पर गलत काम करने का आरोप लगाया है। उस शिकायत पर संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है और मामले में जांच चल रही है। आरोपित को तलाशा जा रहा है। जल्द ही वह हिरासत में होगा। - सुनील कुमार थाना प्रभारी, सेक्टर-6

Tags

Next Story