कुरुक्षेत्र : दशहरा और दीपावली को काले दिवस के रूप में मनाएगी शिरोमणि अकाली दल

हरिभूमि न्यूज : कुरुक्षेत्र
तीन कृषि विधेयकों (Agricultural Bills) के खिलाफ आंदोलनरत भारतीय किसान यूनियन के साथ शिरोमणि अकाली दल (Shiromani Akali Dal) हरियाणा किसानों की आवाज बुलंद करेगा। यह घोषणा प्रदेशाध्यक्ष शरणजीत सिंह सोथा की अध्यक्षता में ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब पातशाही छठी में पार्टी की प्रदेश स्तरीय बैठक में की गई।
शिअद हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष शरणजीत सिंह सोथा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि शिरोमणि अकाली दल हरियाणा इकाई ने बैठक में फैसला लिया कि दीपावली और दशहरे पर सभी अपने अपने घरों पर काले झंडे लगाकर काला दिवस के रूप में इस पर्व को मनाएंगे। इसके अलावा शिरोमणि अकाली दल ने केंद्र सरकार द्वारा पारित कृषि विधेयकों के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन का साथ देने का निर्णय लिया है। करीब 100 साल पहले अस्तित्व में आए शिरोमणि अकाली दल ने हमेशा किसान हित में कदम उठाए हैं, जिसके मद्देनजर पार्टी ने कृषि विधेयकों के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन के आंदोलन को समर्थन देने की ठानी है। उन्होंने कहा कि यह तीनों कानून किसानों को बर्बाद करने के साथ-साथ आढ़ती, व्यापारी और मजदूर वर्ग को भी खत्म कर देंगे। इससे किसान, व्यापारियों और मजदूरों के लिए रोजी-रोटी की समस्या खड़ी हो जाएगी और देश के अन्नदाता को पूंजीपतियों के अधीन होना पड़ेगा, जिसे शिरोमणि अकाली दल किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेगा। इसलिए पार्टी ने भाजपा से अपने 25 साल पुराने रिश्ते को तोड़ कर किसान हित में खड़ा होने का फैसला लिया है। इसके चलते बीबी हरसिमरत कौर बादल द्वारा अपने केंद्रीय मंत्री के पद से इस्तीफा दिया गया है।
भाकियू के आंदोलन में साथ देने की हुंकार भरी
इससे पहले बैठक में प्रदेशाध्यक्ष शरणजीत सिंह सोथा के नेतृत्व में सभी ने भाकियू के आंदोलन में साथ देने की हुंकार भरी। हरियाणा इकाई के वरिष्ठ उपप्रधान एवं एसजीपीसी मैंबर जत्थेदार हरभजन सिंह मसाना ने कहा कि केंद्र सरकार ने काले कानून पास किए हैं। इन विधेयकों से किसान, मजदूर, व्यापारी पूरी तरह से खत्म हो जाएंगे। वरिष्ठ उपप्रधान एवं धर्म प्रचार कमेटी के मैंबर तजिंदर सिंह लाडवा ने कहा कि इतिहास साक्षी है कि शिरोमणि अकाली दल ने जो भी मोर्चा खोला है, उसमें सफलता प्राप्त की है और किसान, व्यापारी व मजदूर हित की यह लड़ाई भी पार्टी अवश्य जीतेगी। प्रदेश प्रवक्ता कवलजीत सिंह अजराना ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल किसानों के दर्द को समझता है। केंद्र सरकार द्वारा जो विधेयक किसानों पर थोपे जा रहे हैं, उन्हें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यूपी, बिहार व मध्य प्रदेश में मंडीकरण खत्म हो चुका है और वहां 4 एकड़ भूमि पर खेती करने वाले किसान अब हरियाणा-पंजाब में काम करने पर मजबूर है। यदि हरियाणा-पंजाब में भी मंडीकरण खत्म हुआ, तो फिर यहां के किसानों का भी यही हाल होगा।
प्रधान महासचिव सुखबीर सिंह मांडी ने किया संचालन
बैठक में मंच का संचालन करते हुए प्रधान महासचिव सुखबीर सिंह मांडी ने किया। जिला शहरी प्रधान तजिंदर सिंह मक्कड़ ने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का बैठक में शामिल होने पर आभार जताया। बैठक में गुरमीत सिंह पूनिया, हरकेश सिंह मोहड़ी, जिला प्रधान जरनैल सिंह बोढी, राजिंदर सिंह सोढी, श्री अकाल उस्तत ट्रस्ट के चेयरमैन ज्ञानी तेजपाल सिंह, बलकार सिंह करनाल, जगतार सिंह पिहोवा, तजिंदर सिंह स्याहपोश, जगदेव सिंह गाबा, अमरजीत सिंह नंबरदार, जोगा सिंह रोहटी, सुरेंद्र सिंह रामगढिय़ा, तजिंदर सिंह मक्कड़, लखविंदर सिंह सिरसा, सिख मिशन हरियाणा प्रभारी ज्ञानी मंगप्रीत सिंह, कुलविंदर सिंह रतिया, भूपिंदर सिंह पंचकूला, डा. हरनेक सिंह, रामकुमार वाल्मीकि गुहला, एमसी बलिहार सिंह, भूपिंदर सिंह शाहाबाद, कुलदीप झ्क्षसह शाहाबाद सहित अन्य मौजूद रहे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS