Weather Update : Haryana में कंपकंपा देने वाली ठंड ने दी दस्तक, बर्फीली हवाओं से दिनभर ठिठु़रते रहे लोग

Weather Update : Haryana में कंपकंपा देने वाली ठंड ने दी दस्तक, बर्फीली हवाओं से दिनभर ठिठु़रते रहे लोग
X
एक दो दिनों तक पूर्ण सूबे का मौसम गतिशील व परिवर्तनशील रहने वाला है, जिसकी वजह से बादलवाही रहेगी।

हरिभूमि न्यूज : नारनौल

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होते ही कड़ाके की सर्दी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते हुई बरसात व पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते रविवार को दिनभर ठंडी हवाएं चलने से लोग घरों में दुबकने का मजबूर रहे। वहीं कंपकंपा देने वाली ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और भी गिरावट आएगी। वहीं शीतलहर के चलने की प्रबल संभावना है।

पीजी कॉलेज के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डा. चन्द्रमोहन ने बताया कि आने वाले दिनों में मैदानी राज्यों में विशेषकर हरियाणा, एनसीआर दिल्ली, पंजाब व राजस्थान में हांड कंपकंपा देने वाली ठंड दस्तक देने वाली है। सोमवार को ही अधिकतम व न्यूनतम तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज होगी, जिससे एक नई शीतलहर देखने को मिलेगी। रविवार को जिले में सुबह से ही बादल छाए रहे, सूर्य और बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल पूरे दिन जारी रहा। आगे एक-दो दिन अभी बादलवाही रहने की संभावनाएं हैं। सुबह से ही जिले में तेज गति व बर्फीली हवाओं के चलने के कारण कोहरा व धुंध तो छंट गई, लेकिन ठंड में बढ़ोतरी हो गई है। उन्होंने बताया कि एक दो दिनों तक पूर्ण सूबे का मौसम गतिशील व परिवर्तनशील रहने वाला है, जिसकी वजह से बादलवाही रहेगी।

पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदान क्षेत्र चलेगी शीतलहर

डा. चन्द्रमोहन ने बताया कि उत्तरी मैदानी राज्यों पर सशक्त मौसम प्रणाली से लगातार बारिश की गतिविधियां जारी है। जिसकी वजह सम्पूर्ण मैदानी राज्यों पर मौसम गतिशील और परिवर्तनशील बना हुआ है। शक्तिशाली और असरदार मौसम प्रणाली से हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, एनसीआर दिल्ली पर शुक्रवार सुबह से ही बारिश की गतिविधियां शुरू हो गई थी, आज सुबह तक भी प्रदेश के पूर्वी जिलों पर बारिश की गतिविधियां जारी थी। वर्तमान में इस प्रणाली से पूर्वी व मध्य राज्यों पर बारिश की गतिविधियां जारी है। इस प्रणाली से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर भारी मात्रा में हिमपात हुआ है व सिमित स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई। जिसके चलते सुबह से बर्फीली तेज हवाओं की वजह से लोगों को हाड कंपकंपा देने वाली ठंड का अहसास हुआ। उन्होंने बताया कि पहाड़ों पर हुई भारी बर्फबारी के चलते आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ने की पूरी संभावना है।

Tags

Next Story