हिसार का शुभम मर्डर केस : दोपहर को सीएम का पुतला फूंका तो शाम को प्रशासन ने मांगें मानी, छठे दिन अंतिम संस्कार

हिसार का शुभम मर्डर केस : दोपहर को सीएम का पुतला फूंका तो शाम को प्रशासन ने मांगें मानी, छठे दिन अंतिम संस्कार
X
पीड़ित पक्ष के धर्मबीर व कृष्ण ने कहा की प्रशासन ने उनकी मांगें नामजद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी, मुआवजा व सुरक्षा आदि की मांग पूरी कर दी है। इसलिए अब धरना समाप्त किया जा रहा है।

हिसार। मृतक शुभम के परिजनों और प्रशासन की आपसी बातचीत में सहमति बनने के बाद छठे दिन पीड़ित परिजनों ने धरना समाप्त कर दिया। देर शाम को आदमपुर मंडी में मृतक शुभम का अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में कर दिया गया। धरना समाप्त होने से प्रशासन को भी बड़ी राहत मिल गई है। मृतक शुभम के परिजनों ने सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर सोमवार दोपहर को बस अड्डा चौक पर सीएम का पुतला फूंका और नारेबाजी की।

शाम को जिला प्रशासन की तरफ से तहसीलदार व दो डीएसपी पीड़ितों से बातचीत करने धरने पर आए। इस बातचीत में पीड़ित पक्ष और प्रशासन में धरना समाप्त करने की सहमति बन गई। प्रशासन ने अपने स्तर की पीड़ितों की सभी मांगो को पूरा कर दिया। धरनास्थल पर डीएसपी हेडक्वार्टर अशोक सिहान व डीएसपी नारायण चंद भी पहुंचे। पीड़ित पक्ष के धर्मबीर व कृष्ण ने कहा की प्रशासन ने उनकी मांगें नामजद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी, मुआवजा व सुरक्षा आदि की मांग पूरी कर दी है। इसलिए अब धरना समाप्त किया जा रहा है।

बता दें कि 2 जून को शुभम पर हमला हुआ था। इसी दिन हमलावरों ने एक अन्य युवक अरुण के भी हाथ-पांव तोड़ दिए थे। शुभम की उपचार के दौरान सात जून को शहर के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई थी जबकि घायल अरुण को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भेजा गया था। इस मामले में पुलिस ने सागर और केवल को नामजद किया हुआ है।

Tags

Next Story