sirsa : डिलीवरी के बाद बच्चे की मौत बताकर उसे बेचने वाली मां सहित 2 काबू

sirsa : डिलीवरी के बाद बच्चे की मौत बताकर उसे बेचने वाली मां सहित 2 काबू
X
  • कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पति की शिकायत पर दर्ज किया था मामला
  • पुलिस आरोपियों से कर रही पूछताछ, अदालत में पेश कर भेजा जेल

sirsa : सिविल लाइन थाना पुलिस ने जन्म के साथ ही नवजात शिशु को बेचने के मामले में आरोपी मां सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मां को बुधवार अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजा गया। इस मामले में जुवनाइल जस्टिस बोर्ड के प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट आशुतोष ने 13 अक्टूबर को आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश पुलिस को दिया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी मां प्रियंका सहित 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

जानकारी के अनुसार शिव नगर कंगनपुर रोड निवासी संजीव कौशल ने 13 अक्टूबर को जुवनाइल जस्टिस बोर्ड के प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट की कोर्ट में इस्तगासा दायर किया था। जिसमें संजीव कौशल ने बताया कि उसकी शादी 13 अगस्त 2022 को प्रियंका निवासी चतरगढ़पट्टी के साथ हुई थी। प्रियंका की पहली शादी सुरेंद्र निवासी फरवाई कलां के साथ हुई थी। सुरेंद्र की मृत्यु होने के बाद दोनों परिवारों की सहमति से उसकी शादी हुई। शादी के दो माह बाद प्रियंका गर्भवती हो गई। संजीव कौशल अपनी पत्नी को समय-समय पर जांच के लिए सरकारी अस्पताल ले जाता था। प्रियंका के माता-पिता समय-समय पर उससे पैसे की डिमांड करते थे।

संजीव ससुराल वालों को गरीब समझ कर उन्हें अक्सर पैसे देता रहता था। अप्रैल 2023 को अचानक संजीव के भाई गुलशन की तबीयत खराब हो गई। वह उसे उपचार के लिए गुरुग्राम स्थित अस्पताल में ले गया। जांच में पता चला कि उसके भाई को कैंसर है। इसके बाद वह भाई को बचाने के लिए कई अस्पतालों के चक्कर काटता रहा। पीछे से प्रियंका की अपनी सास के साथ कहासुनी हो गई और वह मायके चली गई। संजीव उसे मनाने के लिए गया, लेकिन ससुराल वालों ने उसे धक्का देकर घर से निकाल दिया।

जब उसकी प्रियंका से बात हुई तो उसने बताया कि 6 जुलाई 2023 को होली नर्सिंग होम में डिलीवरी हुई थी। बेटा पैदा हुआ था, घर आने के बाद बच्चे की मौत हो गई। पड़ताल करने के लिए संजीव होली नर्सिंग होम में गया, वहां उसे पता चला कि प्रियंका की डिलीवरी सामान्य हुई थी और मां व बच्चे दोनों स्वस्थ थे, इसके बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई थी। संजीव कौशल ने जांच पड़ताल की तो उसे पता चला कि प्रियंका ने ससुराल वालों के साथ मिलकर बच्चे को पहले पति का बताकर उसे बेच दिया। इसके बाद संजीव ने 17 अगस्त 2023 को पुलिस अधीक्षक को शिकायत भेजी।

इस मामले में हुडा चौकी इंचार्ज एएसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि आरोपी महिला प्रियंका व उसकी मां सीमा को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। आरोपियों को कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस मामले में आरोपी प्रियंका के भाई सहित अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपियों बच्चे को राजस्थान में रहने वाले एक परिवार को बेचा है।

यह भी पढ़ें - Sonipat : नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के दोषी को 20 साल कैद

Tags

Next Story