बेटा ही निकला बाप का हत्यारोपी, दोस्त के साथ मिलकर गला रेता

बेटा ही निकला बाप का हत्यारोपी,  दोस्त के साथ मिलकर गला रेता
X
इस बात का खुलासा आरोपित ने पुलिस की पूछताछ में किया है। पुलिस ने मृतक के आरोपित बेटे व उसके दोस्त रवि उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर ले लिया।

हरिभूमि न्यूज : यमुनानगर

शहर के रटौली मार्ग से नौ दिन पहले खून से लथपथ हालत में मृत मिले अर्जुन सिंह की हत्या किसी और ने नहीं की थी, बल्कि उसके सगे बेटे ने ही अपने दोस्त के साथ मिलकर उसकी चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी थी। इस बात का खुलासा आरोपित ने पुलिस की पूछताछ में किया है। पुलिस ने मृतक के आरोपित बेटे व उसके दोस्त रवि उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर ले लिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस की अपराध अन्वेषण शाखा दो ने मामले की जांच के दौरान पुख्ता सबूत मिलने पर मृतक अर्जुन सिंह के बेटे शैंटी व उसके दोस्त रवि उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपित शैंटी ने बताया कि उसका पिता अर्जुन सिंह राज मिस्त्री का काम करता था। उसके गुलाब नगर निवासी किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध चल रहे थे। इन्हीं संबंधो को लेकर वह रोजाना उसकी मां और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ झगड़ा करता रहता था। जिससे वह तंग आ गए थे। इसी के चलते एक दिन उसके पिता अर्जुन सिंह ने उसकी मां और उन्हें घर से निकाल दिया। जिसके बाद वह ससौली माजरी में किराये का मकान लेकर रहने लगे थे। इसी बीच उसने अपने दोस्त रवि उर्फ सोनू के साथ मिलकर अपने पिता की हत्या करने की योजना बनाई।

इसी योजना के तहत उन्होंने गत 20 नवंबर को रटौली मार्ग पर अपने पिता की हथौडा मारकर व गला रेत कर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपितों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर ले लिया। रिमांड के दौरान आरोपितों से हत्या में प्रयोग किया गया चाकू व हथौड़ा बरामद किया जाएगा।

ये था मामला

गांव कांसली निवासी अर्जुन सिंह राजमिस्त्री का काम करता था। गत 20 नवंबर को उसका शव रटौली मार्ग पर खून से लथपथ हालत में मिला था। इस दौरान उसका गला रेता हुआ था। पुलिस ने उस समय आरोपित शैंटी की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया था। मामले की जांच का जिम्मा पुलिस की अपराध अन्वेषण शाखा दो को दिया गया था।




Tags

Next Story