Sonipat: डेढ़ माह पहले हुई कहासुनी की रंजिश में दो सगे भाइयों पर चलाई गोलियां, बदमाश घटना को अंजाम देकर मौके से फरार

हरिभूमि न्यूज. सोनीपत: गोहाना रोड बाईपास स्थित इंडियन कॉलोनी में फ्लाईओवर के नीचे दो कार सवार छह-सात हमलावरों ने दो सगे भाईयों को गोलियां मारकर घायल कर दिया और उनके फुफेरे भाई की पीटकर उनका हाथ तोड़ डाला। घायल एक भाई मूक-बधिर है। हमला डेढ़ माह पहले हुई कहासुनी की रंजिश में किया गया। वारदात को अंजाम देकर हमलावर भाग गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल, खानपुर रेफर कर दिया। जहां परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। सरेआम चली गोली से आसपास भय का माहौल है।
मूलरूप से गांव सांदल खुर्द फिलहाल इंडियन कॉलोनी निवासी आनंद के बेटे सुनील व अनिल पशु चारे व दूध काम करते हैं। इनमें सुनील मूक-बधिर है। अनिल ने पुलिस को बताया कि करीब डेढ़ माह पहले उनकी अंकित व अमित के साथ कहासुनी हो गई थी। जिसमें बीच-बचाव हो गया था। दोपहर को अमित ने उनके साथ फिर से कहासुनी करते हुए झगड़ा किया। जब वह बाईपास स्थित फ्लाईओवर की तरफ गया तो वहां पर अमित व अंकित ने उसके साथ हाथापाई कर दी। वह घर आ गया। उसने परिजनों को अवगत कराया। जब वह शाम को परिवार के साथ बाईपास पर फ्लाईओवर के नीचे पहुंचा तो इसी दौरान दो कार सवार हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
अनिल के पैर में दो गोली लगी और सुनील के हाथ में एक गोली लगने के साथ ही दो उसे छूकर निकल गई। इतना ही नहीं हमलावरों ने उनके फुफेरे भाई आशीष की बुरी तरह से पिटाई कर दी। जिससे उनका हाथ टूट गया। बाद में आसपास के लोगों के आने पर हमलावर भाग गए। मामले की सूचना के बाद पहुंची डायल-112 की टीम ने तीनों घायलों को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद खानपुर अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं मामले का पता लगते ही सिटी थाना प्रभारी नीरज कुमार, चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह और एसआई कटार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए। उसके बाद एसीपी वीरेंद्र राव व सिटी थाना प्रभारी सामान्य अस्पताल में पहुंचे। वहां पर घायल के बयान दर्ज किए गए। पुलिस ने अनिल के बयान पर अंकित व अमित और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना से सहमे लोग, मचा हडक़ंपअचानक कार सवार हमलावरों ने बाईपास पर फ्लाईओवर के नीचे पहुंचकर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। जिससे सभी लोग घबरा गए। कुछ दूर के लिए घटनास्थल पर हडक़ंप मच गय। घटना के बाद भी लोग सहमे रहे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों से घटना की जानकारी ली।
इंडियन कॉलोनी में फ्लाईओवर के पास कार सवार हमलावरों ने दो भाईयों को गोली मारने के साथ ही उनके फुफेरे भाई को भी बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया। मामले में घायल युवक के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द हमलावरों का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS