सोनीपत में युवती का मर्डर : साइबर कैफे की दूसरी मंजिल पर पीजी में मिला शव, चेहरे पर चोट के निशान, युवक संग आई थी

हरिभूमि न्यूज : सोनीपत
मुरथल रोड पर गंदा नाला के पास स्थित एक साइबर कैफे की दूसरी मंजिल पर बंद पड़े पीजी में एक महिला का शव संदिग्ध अवस्था में मिला है। महिला के चेहरे पर चोट के निशान के साथ ही गले पर भी निशान मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का पता लग सकेगा। पुलिस उसके आधार पर कार्रवाई करेगी। साइबर कैफे पर महिला एक युवक संग आई थी। युवक ने कुछ देर बातचीत करने के लिए कैफे संचालक से ऊपर बंद पड़े पीजी का कमरा लिया था। बाद में युवक वहां से चला गया। सोमवार को सफाई के लिए कमरा खोला तो महिला का शव पड़ा मिला।
मुरथल रोड पर आसाराम के भवन में प्रवीन साइबर कैफे चलाता है। सोमवार को प्रवीन ने पुलिस को बताया कि उनके कैफे के ऊपर बने कमरे में एक महिला का शव पड़ा है। उसने पुलिस को बताया कि महिला रविवार देर शाम को एक युवक संग उनके कैफे में आई थी। युवक ने कैफे में आने के बाद कुछ देर महिला से बातचीत करने की बात कही थी। इस पर उन्होंने युवक को कैफे के दूसरी मंजिल पर बने कमरे में भेज दिया। वहां पर पहले पीजी चलाते थे। वह पीजी अब बंद हो चुका है। कैफे संचालक का कहना है कि कुछ देर बाद उसे युवक बाहर जाता दिखाई दिया। उसे लगा कि महिला भी उसके साथ चली गई होगी। जिस पर वह साइबर कैफे को बंद कर घर आ गए थे।
सोमवार को जब कमरे में सफाई कर्मी सफाई को गई तो उसने महिला का शव पड़ा होने की सूचना दी। जिस पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पहचान का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। जिस पर पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया। बाद में पता लगा कि महिला मुरथल थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली है। पुलिस को उसके चेहरे पर चोट का निशान मिला है। साथ ही उसके गले पर भी हल्का निशान है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही मौत के कारणों का पता लग सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुरथल थाना क्षेत्र की रहने वाली थी महिला, उम्र 32
पुलिस के अनुसार महिला मुरथल थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली है। उसकी उम्र करीब 32 वर्ष है। पुलिस मामले में हर पहलू पर जांच कर रही है। जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। महिला संग आए युवक के बारे में पता लगाया जा रहा है। सेक्टर-27 थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि साइबर कैफे के ऊपर बंद पीजी के कमरे में महिला का शव मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का पता लग सकेगा। मामले की हर पहलू से जांच कर ठोस कार्रवाई की जाएगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS