सोनीपत नगर निगम : सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पदों पर कांग्रेस ने मारी बाजी

- संख्या बल में कम होने के बावजूद जीते कांग्रेसी, राजीव सरोहा बने सीनियर डिप्टी तो मनजीत गहलावत बने डिप्टी मेयर
- भाजपा प्रत्याशियों को मिले 10-10 वोट, कांग्रेसियों को मिले 11-11, जबकि भाजपा के कुल 11 पार्षद हैं निगम के सदन में
हरिभूमि न्यूज. सोनीपत
सोनीपत नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पदों के लिए सोमवार को रेस्ट हाउस में चुनाव का आयोजन किया गया। प्रशासन की देखरेख में आयोजित इन चुनावों में कांग्रेस ने दोनों सीटों पर बाजी मारी। सीनियर डिप्टी मेयर के लिए जहां राजीव सरोहा का चयन हुआ, वहीं डिप्टी मेयर के तौर पर मनजीत गहलावत का चयन किया गया। कमाल की बात ये है कि निगम सदन में कांग्रेस के मुकाबले भाजपा का संख्या बल अधिक है, इसके बावजूद वोटिंग में कांग्रेस प्रत्याशियों को 11-11 वोट मिले। जबकि निगम में कांग्रेस के 9 पार्षद हैं और 1 मेयर है, जबकि भाजपा के 11 पार्षद हैं। ऐसे में जाहिर सी बात है कि भाजपा के एक पार्षद ने कांग्रेस प्रत्याशी को वोट देकर कांग्रेस को विजेता बना दिया। सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के तौर पर विजेता कांग्रेस के पार्षद राजीव सरोहा और मनजीत गहलावत का शहर में विजयी जुलूस भी निकाला गया।
नगर निगम में सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पदों का चुनाव रेस्ट हाउस में हुआ। तय कार्यक्रम के अनुसार निगम अधिकारियों की देखरेख में चुनाव की प्रक्रिया शुरू करवाई गई। जिसके तहत सबसे पहले अधिकारियों की मौजूदगी में पार्षदों की मीटिंग भी करवाई गई। मीटिंग में सांसद रमेश कौशिक, विधायक सुरेंद्र पंवार, मोहन लाल बड़ौली, निर्मल चौधरी, भाजपा नेता राजीव जैन भी पहुंचें। मीटिंग में पहले पार्षदों को सर्वसम्मति के लिए समय दिया गया। लेकिन किसी तरह की सर्वसम्मति नहीं बन पाई। इसके बाद चुनावों की घोषणा करते हुए प्रक्रिया शुरू करवाई गई। पहले कांग्रेस और भाजपा की ओर से दो-दो प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इसमें भाजपा की ओर से सीनियर डिप्टी मेयर के लिए पुनीत राई तो कांग्रेस की ओर से राजीव सरोहा ने नामांकन किया।
वहीं डिप्टी मेयर के लिए भाजपा की ओर से मुकेश सैनी और कांग्रेस की ओर से मनजीत गहलावत का नामांकन हुआ। कुछ ही देर बाद चुनाव हुए, जिसमें पार्षदों ने बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान किया। मतदान के उपरांत जब गिनती की गई तो भाजपा के दोनों प्रत्याशियों को 10-10 वोट ही प्राप्त हुई। जबकि कांग्रेस के दोनों प्रत्याशियों को 11-11 वोट प्राप्त हुई। इस तरह से कांग्रेस के पार्षद राजीव सरोहा सीनियर डिप्टी मेयर और मनजीत गहलावत डिप्टी मेयर के लिए चुन लिए गए।
11 पार्षद हैं भाजपा के, फिर भी कांग्रेस जीती
बता दें कि नगर निगम के सदन में भाजपा का पलड़ा शुरू से ही कांग्रेस पर भारी है। इसके बावजूद सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनावों में भाजपा के एक वोट ने दोनों पदों से भाजपा को महरूम कर दिया। सदन के संख्या गणित की बात करें तो निगम में कुल 20 पार्षद हैं। जिसमें से 11 भाजपा के हैं और 9 पार्षद कांग्रेस के हैं। वहीं मेयर पद पर भी कांग्रेसी नेता विराज मान हैं। इस तरह से सदन में वोट की गिणती करने पर कांग्रेस की वोट 10 होती है, जबकि भाजपा की 11, इसके बावजूद सोमवार को हुए मतदान में भाजपा के सभी पार्षद एकजुटता नहीं बनाए रख पाए।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS